सिलफिली स्कूल के प्राचार्य पर गंभीर आरोप, विद्यार्थियों ने गेट पर जड़ा ताला; कार्रवाई के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ आंदोलन…

 

CG Samachar24.in

संचालक :- दीपक गुप्ता….✍️

सूरजपुर। जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिलफिली के प्राचार्य आईडी खलखो के खिलाफ विद्यालय की महिला कर्मी एवं छात्राओं के साथ कथित अभद्र एवं आपत्तिजनक व्यवहार के आरोप सामने आए हैं। मामले को लेकर मंगलवार दोपहर बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला जड़कर करीब ढाई घंटे तक प्रदर्शन किया।

विद्यार्थियों ने प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई करने तथा उन्हें विद्यालय से हटाने की मांग की। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही लटोरी तहसीलदार चंद्रशिला जायसवाल, सूरजपुर बीईओ हरेंद्र सिंह सहित जयनगर पुलिस मौके पर पहुंची और विद्यार्थियों से चर्चा की।

अधिकारियों ने लिया पक्ष, कार्रवाई का दिया आश्वासन :-

तहसीलदार एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों की शिकायत सुनने के साथ ही प्राचार्य एवं विद्यालय के अन्य शिक्षकों से भी उनका पक्ष जाना और बयान दर्ज किए। अधिकारियों के अनुसार मामले की शिकायतों की जांच की जा रही है।

विद्यार्थियों को आश्वासन दिया गया कि प्राचार्य के विरुद्ध पखवाड़े के भीतर विभागीय स्तर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही तत्काल प्रभाव से प्राचार्य को संस्था से पृथक रखने और विभागीय स्तर पर आवश्यक व्यवस्था किए जाने का लिखित आश्वासन दिया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया।

फिलहाल विद्यालय की शिक्षिका निर्मला ज्योति को प्राचार्य का प्रभार सौंपे जाने की जानकारी सामने आई है।

प्राचार्य पर लगाए गए गंभीर आरोप :-

शिकायत के अनुसार, प्राचार्य आईडी खलखो पर विद्यालय की एक महिला कर्मी के घर में उसके अकेले रहने के दौरान प्रवेश करने का प्रयास करने का आरोप लगाया गया है। महिला कर्मी ने कथित रूप से प्राचार्य पर एक लाख रुपये की मांग करने और पैसे नहीं देने पर परेशान करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है।

इसके अलावा प्राचार्य पर विद्यालय में शराब के नशे में पहुंचने, कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने तथा छात्र-छात्राओं के साथ कथित आपत्तिजनक व्यवहार करने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।

हालांकि, इन आरोपों के संबंध में संबंधित प्राचार्य का पक्ष और विभागीय जांच की अंतिम रिपोर्ट सामने आना अभी बाकी है। मामले में अधिकारियों द्वारा जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता एवं आगे की कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top