कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग, झिलमिली थाना परिसर के सामने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू…
CG Samachar24.in
संचालक :- दीपक गुप्ता…✍️
सूरजपुर/भैयाथान। जिले के भैयाथान क्षेत्र के बहुचर्चित भूमि घोटाला मामले में पटवारी इंजलीना भगत का नाम झिलमिली थाने में दर्ज एफआईआर से हटाने की मांग को लेकर राजस्व पटवारी संघ जिला सूरजपुर ने मोर्चा खोल दिया है। संघ ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, संबंधित दस्तावेजों एवं विभागीय जांच प्रतिवेदन का अवलोकन कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। मांग को लेकर संघ ने झिलमिली थाना परिसर के सामने अनिश्चितकालीन हड़ताल भी शुरू कर दी है।
संघ द्वारा सौंपे गए ज्ञापन के अनुसार, झिलमिली थाने में 3 अगस्त को दर्ज एफआईआर में पटवारी इंजलीना भगत को भी आरोपी बनाया गया है। पटवारी संघ का दावा है कि मामले से संबंधित विभागीय जांच प्रतिवेदन में पटवारी की संलिप्तता का उल्लेख नहीं है। इसके बावजूद एफआईआर में उनका नाम शामिल किया जाना उचित नहीं है।
नियमानुसार शासकीय कार्य करने का संघ का दावा :-
पटवारी संघ के अध्यक्ष ने कहा कि पटवारियों द्वारा किए जाने वाले शासकीय कार्य नियमानुसार तथा उच्च अधिकारियों के निर्देशों के अनुरूप किए जाते हैं। यदि किसी कार्य में त्रुटि या अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर वास्तविक जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। संघ का कहना है कि उचित प्रक्रिया के बिना पटवारी को मामले में आरोपी बनाया जाना उचित नहीं है।
कलेक्टर से निष्पक्ष जांच की मांग :-
राजस्व पटवारी संघ ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे प्रकरण से संबंधित दस्तावेजों एवं जांच प्रतिवेदन का अवलोकन कराया जाए तथा पटवारी इंजलीना भगत की भूमिका की निष्पक्ष जांच की जाए। संघ ने एफआईआर से उनका नाम हटाने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की भी मांग की है।
संघ ने स्पष्ट किया है कि महिला पटवारी के विरुद्ध दर्ज एफआईआर के संबंध में उचित निर्णय होने तक आंदोलन जारी रहेगा। पटवारी संघ के अनिश्चितकालीन आंदोलन से राजस्व विभाग के कामकाज पर भी असर पड़ने की संभावना है।
ये था पूरा मामला :-
भैयाथान क्षेत्र में वर्षों से चर्चित भूमि घोटाले के मामले में झिलमिली पुलिस ने सूरजपुर एसपी योगेश पटेल के निर्देश पर तत्कालीन तहसीलदार, पटवारी इंजलीना भगत सहित चार लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
पुलिस में दर्ज मामले के अनुसार, ग्राम कोयलारी निवासी शैल कुमारी दुबे को राजस्व अभिलेखों में कथित रूप से फर्जी तरीके से मृत दर्शाकर उनकी भूमि का नामांतरण कराया गया। इसके बाद उक्त भूमि के एक हिस्से को दान एवं विक्रय के माध्यम से अन्य लोगों के नाम किए जाने का आरोप है।
मामले को लेकर पीड़िता ने कलेक्टर से लेकर पुलिस अधीक्षक तक शिकायत की थी। शिकायत के बाद मामले की जांच की गई और जांच के आधार पर झिलमिली पुलिस द्वारा संबंधित लोगों के विरुद्ध अपराध दर्ज किए जाने की कार्रवाई की गई।
फिलहाल, एक ओर पुलिस की एफआईआर में पटवारी सहित अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है, वहीं दूसरी ओर पटवारी संघ ने पटवारी इंजलीना भगत की भूमिका पर निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए आंदोलन शुरू कर दिया है। अब इस मामले में प्रशासन की ओर से क्या निर्णय लिया जाता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।