थाना झिलमिली में ग्राम कोटवारों की बैठक, संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी के निर्देश…

 

अवैध गतिविधियों व संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने किया गया प्रोत्साहित……

CG Samachar 24.in

संचालक :- दीपक गुप्ता….✍️

सूरजपुर । पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल (भापुसे) के निर्देश पर जिले में ग्राम स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने एवं पुलिस के सूचना तंत्र को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से 06 अगस्त 2026 को थाना झिलमिली में ग्राम कोटवारों की बैठक आयोजित की गई। बैठक थाना प्रभारी सरफराज फिरदौसी की अध्यक्षता में हुई।

बैठक में थाना प्रभारी ने सभी ग्राम कोटवारों को निर्देश दिया कि वे प्रत्येक माह कम से कम दो बार थाना में उपस्थित होकर अपने-अपने गांव की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और संदिग्ध गतिविधियों से संबंधित जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराएं।

उन्होंने गांव में आने वाले अजनबी एवं संदिग्ध व्यक्तियों, किरायेदारों तथा मुसाफिरों का सत्यापन कराने और उनका नाम, पता, आधार नंबर, मोबाइल नंबर एवं फोटो रजिस्टर में दर्ज करने के निर्देश दिए।

इन गतिविधियों पर रखें विशेष नजर :-

कोटवारों को निर्देशित किया गया कि गांव में किसी बाहरी व्यक्ति की असामान्य आवाजाही, झगड़ा-विवाद, अवैध शराब बिक्री, जुआ-सट्टा, मादक पदार्थों का कारोबार, पशु तस्करी, चोरी अथवा अन्य आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

इसके अलावा रात के समय गांव में घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखने तथा नए किरायेदारों का सत्यापन कराने के लिए कहा गया।

साइबर ठगी और अफवाहों के प्रति भी जागरूक करने के निर्देश :-

थाना प्रभारी ने कोटवारों को ग्रामीणों को साइबर ठगी, बैंक फ्रॉड एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित घटनाओं की सूचना भी तत्काल पुलिस को देने कहा गया।

सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों, भड़काऊ संदेशों अथवा गलत सूचनाओं को बिना पुष्टि किए आगे प्रसारित नहीं करने के लिए ग्रामीणों को जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक के दौरान सत्यापन कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए कोटवारों को रजिस्टर एवं पेन वितरित किए गए।

थाना प्रभारी ने कहा कि ग्राम कोटवार पुलिस की आंख और कान होते हैं। उनकी सक्रियता से अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों की पहचान और गांव में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलता है।

सूरजपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि गांव में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि अथवा अवैध कार्य की जानकारी तत्काल निकटतम थाना या पुलिस को दें और सुरक्षित एवं अपराधमुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top