पत्नी ने घर चलने से किया इनकार तो गुस्साए पति ने ब्लेड से किया जानलेवा हमला…..

 

कुदरगढ़ चौकी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, हत्या के प्रयास के आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा गया जेल

CG Samachar 24.in

संचालक :- दीपक गुप्ता…..✍️

सूरजपुर । जिले के कुदरगढ़ चौकी क्षेत्र में पत्नी द्वारा साथ चलने से इनकार करने पर एक पति के गुस्से में आकर उस पर धारदार ब्लेड से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने महिला की गर्दन पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

घायल महिला को प्राथमिक उपचार के लिए ओड़गी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल सूरजपुर रेफर किया गया।

मामले में पीड़िता के मामा हरदयाल सिंह की रिपोर्ट पर कुदरगढ़ चौकी पुलिस ने बीएनएस की धारा 109(1) के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी नकुल सिंह आयाम उम्र 36 वर्ष निवासी कर्री पटेलपारा को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आई वारदात की वजह :-

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपनी पत्नी को अपने साथ घर ले जाने आया था। पत्नी द्वारा साथ चलने से इनकार करने पर वह गुस्से में आ गया और जान से मारने की धमकी देते हुए ब्लेड से उसकी गर्दन पर प्राणघातक हमला कर दिया।

घटनास्थल से ब्लेड बरामद :-

घटना के बाद पुलिस ने एफएसएल टीम की मौजूदगी में घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। वारदात में प्रयुक्त ब्लेड भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया।

पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन एवं एसडीओपी ओड़गी राजेंद्र मंडावी के मार्गदर्शन में कुदरगढ़ चौकी प्रभारी संजय यादव और उनकी टीम द्वारा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top