सूरजपुर। प्रतापपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोंदा में घर में घुसकर युवक का अपहरण करने और उसके साथ जानलेवा मारपीट करने के मामले में प्रतापपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में शामिल 10 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम गोंदा निवासी प्रार्थिया सम्पतिया ने थाना प्रतापपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 23 जुलाई 2026 की रात करीब 8:30 बजे हरिनन्दन राजवाड़े अपने साथी राहुल शर्मा और तुषार के साथ उनके घर के आंगन में बैठकर बातचीत कर रहे थे।
इसी दौरान रात करीब 9:00 बजे ग्राम केंवरा निवासी ललित राजवाड़े, सकल बरी राजवाड़े और चंदन कसेरा अपने अन्य साथियों के साथ 7 मोटरसाइकिलों में सवार होकर वहां पहुंचे। आरोपियों ने घर में घुसकर गाली-गलौज करते हुए हरिनन्दन राजवाड़े के साथ लाठी-डंडों और हाथ-मुक्कों से कथित रूप से जानलेवा मारपीट की।
प्रार्थिया और उनके पति ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। इसके बाद आरोपी हरिनन्दन को जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर अपने साथ ले गए।
घटना की सूचना प्रार्थिया ने तत्काल डायल 112 को दी और अपने पति के साथ मोटरसाइकिल से आरोपियों का पीछा किया। ग्राम भैंसामुड़ा के केंवरा चौक के पास हरिनन्दन गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला, जबकि आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। डायल 112 की सहायता से घायल को तत्काल प्रतापपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रार्थिया की शिकायत पर प्रतापपुर पुलिस ने अपराध क्रमांक 211/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए प्रतापपुर पुलिस ने 27 जुलाई 2026 को मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में प्रार्थिया द्वारा सभी आरोपियों की पहचान कराई गई।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 3 डंडे और 4 मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।