सूरजपुर/बिश्रामपुर। एसईसीएल अनुबंध में संचालित स्कूल बस को बीच रास्ते में नहीं रोकने पर एक निजी सुरक्षा गार्ड ने बस चालक के साथ कथित रूप से मारपीट कर दी। आरोप है कि गार्ड ने बस का पीछा कर उसे जबरन रुकवाया और चालक पर बंदूक तानकर उसके बट से हमला किया। घटना के समय बस में छात्र-छात्राएं सवार थे, जिससे वे सहम गए। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। चालक की शिकायत पर विश्रामपुर पुलिस ने आरोपी गार्ड के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त की सुबह करीब 9 बजे एसईसीएल अनुबंध की स्कूल बस कॉलेज के छात्रों को लेकर अंबिकापुर जा रही थी। इसी दौरान आरटीआई कॉलोनी निवासी निजी सुरक्षा गार्ड मंगला यादव ने बस रोकने का इशारा किया, लेकिन स्कूल बस होने और सुरक्षा कारणों से चालक ने बस नहीं रोकी।
आरोप है कि इसके बाद गार्ड ने एक राहगीर की बाइक से बस का पीछा किया और भटगांव मार्ग स्थित काली मंदिर के पास बस को जबरन रुकवा लिया। बस रुकने के बाद उसने चालक से बस नहीं रोकने का कारण पूछते हुए विवाद शुरू कर दिया। चालक द्वारा स्कूल बस को बीच रास्ते में नहीं रोकने की बात कहने पर गार्ड ने कथित रूप से उस पर बंदूक तान दी, गाली-गलौज की और बंदूक के बट से मारपीट की।
घटना के दौरान बस में मौजूद छात्र-छात्राएं भयभीत हो गए। घटना के बाद बस चालक रविंद्र पासवान ने एसईसीएल प्रबंधन और विश्रामपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
गार्ड के खिलाफ एफआईआर दर्ज :-
बस चालक की शिकायत पर विश्रामपुर पुलिस ने आरोपी निजी गार्ड मंगला यादव निवासी आरटीआई कॉलोनी, बिश्रामपुर के खिलाफ आर्म्स एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 126(2), 296(बी) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया गया है कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एसईसीएल प्रबंधन द्वारा स्कूल बसों को बीच रास्ते में नहीं रोकने के स्पष्ट निर्देश पहले से जारी हैं।