सूरजपुर। जिले के चांदनी बिहारपुर थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर चार आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता अपने तीन वर्षीय बेटे के साथ 28 जुलाई को रिश्तेदारी से अपने घर, एमसीबी जिले लौट रही थी। बस स्टैंड पहुंचने पर उसकी बस छूट चुकी थी। देर रात होने और कोई अन्य साधन उपलब्ध नहीं होने के कारण वह बस स्टैंड के समीप एक झोपड़ी में रुक गई।
आरोप है कि रात करीब 9:00 बजे महिला का एक दूर का रिश्तेदार अपने तीन साथियों के साथ वहां पहुंचा। चारों कथित रूप से महिला को जबरन पास के जंगल स्थित एक झोपड़ी में ले गए, जहां उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
बताया गया कि अगले दिन सुबह आरोपी वहां से फरार हो गए। इसके बाद पीड़िता अपने परिजनों के पास पहुंची और घटना की जानकारी दी। बाद में अपने पति के साथ उसने बैकुंठपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई। वहां शून्य पर प्राथमिकी दर्ज कर केस डायरी चांदनी बिहारपुर थाना भेजी गई।
चांदनी बिहारपुर पुलिस ने मामले में शिवबरन सिंह (28), रामवृक्ष सिंह (50), रामरूप सिंह (44) और जयराम सिंह (26) के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म सहित संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
नोट: यह मामला अभी जांच के अधीन है। आरोप पुलिस के अनुसार हैं और आरोपियों का दोष न्यायालय के अंतिम निर्णय के बाद ही तय माना जाएगा।