जमीन विवाद में मारपीट के मामले का फरार आरोपी गिरफ्तार, डंडा भी बरामद….

CG Samachar 24.in

संचालक :- दीपक गुप्ता….✍️

सूरजपुर। जिले की बसदेई चौकी पुलिस ने जमीन विवाद में हुई मारपीट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया गया है, जबकि मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम जूर निवासी हसीना बीबी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 14 अप्रैल 2026 की शाम करीब 5 बजे वह अपने ससुर सफी अहमद और बहू सहेबा के साथ खेत में बने झाला पर बैठी थीं। इसी दौरान मोहम्मद आयुब अंसारी, उसके दोनों बेटे, भतीजा और पत्नी लाठी-डंडे लेकर पहुंचे तथा गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर विवाद करने लगे।

शोर सुनकर जब हसीना बीबी के पति मोहम्मद यासीन मौके पर पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ डंडों से मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाई। बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल मोहम्मद यासीन को तत्काल जिला अस्पताल सूरजपुर में भर्ती कराया गया।

प्रार्थिया की रिपोर्ट पर चौकी बसदेई में अपराध क्रमांक 244/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी असलम अंसारी (29 वर्ष), निवासी जूर मियांपारा, चौकी बसदेई ग्राम सरमा में छिपा हुआ है। पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने जमीन विवाद को लेकर मारपीट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसने बताया कि घटना के बाद वह अंबिकापुर, दंतेवाड़ा और भोपाल में छिपकर रह रहा था। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की है। मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी योगेंद्र जायसवाल एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top