रेलवे ट्रैक किनारे मिला 26 वर्षीय युवक का शव, मौत बनी रहस्य, जांच में जुटी पुलिस…..

रोजगार की तलाश मे बिलासपुर जा रहा था युवक शरीर पर मिले कई चोट के निशान….

CG Samachar24.in

संचालक :-दीपक गुप्ता….✍️

सूरजपुर । जिले के बसदेई चौकी क्षेत्र अंतर्गत शिवप्रसाद नगर रेलवे स्टेशन के समीप सोमवार को रेलवे ट्रैक किनारे एक 26 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना संदिग्ध परिस्थितियों में होने के कारण मौत को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।

मृतक की पहचान मोहम्मद अली मेहंदी निवासी नवीनगर, जिला औरंगाबाद (बिहार) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह रोजगार की तलाश में बिलासपुर जा रहा था। इसी दौरान उसका शव रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ा मिला।

घटनास्थल पर सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि युवक की कमर पर गहरे चोट के निशान पाए गए हैं। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला रेल हादसे का है, आत्महत्या का या फिर किसी आपराधिक घटना का। घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

सूचना मिलते ही बसदेई चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान उसके पास मिले आधार कार्ड से की गई, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top