सूरजपुर। सरगुजा संभाग के बहुचर्चित ₹2.70 करोड़ फर्नीचर खरीदी घोटाले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने जांच तेज कर दी है। एसीबी अंबिकापुर के उप पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार खेस ने सूरजपुर जिले के ओड़गी विकासखंड के 10 माध्यमिक विद्यालयों के प्रधान पाठकों को नोटिस जारी कर मूल दस्तावेजों सहित उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।
वर्ष 2010-11 में राजीव गांधी शिक्षा मिशन (सर्व शिक्षा अभियान) के तहत माध्यमिक विद्यालयों में फर्नीचर खरीदी के लिए ₹2.70 करोड़ का आवंटन किया गया था। जांच के दौरान आशंका सामने आई है कि कई स्थानों पर कागजों में फर्नीचर की आपूर्ति दर्शाई गई, जबकि वास्तविक आपूर्ति नहीं हुई या उसमें हेरफेर किया गया।
जांच के लिए तलब किए गए 10 विद्यालय :-
माध्यमिक शाला बेगारीडांड , माध्यमिक शाला पठारीटोला , माध्यमिक शाला सहपा (ओड़गी) , माध्यमिक शाला कुबेरपुर , माध्यमिक शाला पश्चिमपारा , माध्यमिक शाला नवाटोला ,
माध्यमिक शाला धरसेड़ी ,माध्यमिक शाला टोमो
माध्यमिक शाला दवनसरा , माध्यमिक शाला बिहारपुर शामिल है ।
प्रधान पाठकों को मूल स्टॉक रजिस्टर, फर्नीचर प्राप्ति की पावती एवं संबंधित अभिलेखों के साथ 4 अगस्त को एसीबी कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
एस.पी. पांडेय एवं अन्य के विरुद्ध दर्ज अपराध क्रमांक 28/2017 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम एवं धोखाधड़ी की धाराओं के तहत विचाराधीन है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीबी ने जांच को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। अब सभी की निगाहें 4 अगस्त को प्रस्तुत होने वाले दस्तावेजों पर टिकी हैं, जिनसे इस बहुचर्चित घोटाले की कई परतें खुलने की संभावना है।