Headlines

हाथी के हमले में पहाड़ी कोरवा की दर्दनाक मौत, साथी ने भागकर बचाई जान….

CG Samachar24.in

संचालक :- दीपक गुप्ता….✍️

सूरजपुर। जिले में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच रविवार की शाम कल्याणपुर-अखोरा मार्ग पर हाथी के हमले में एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक पहाड़ी कोरवा छात्रावास में भृत्य (प्यून) के पद पर पदस्थ था। वह अपने एक साथी के साथ बाइक से घर लौट रहा था, तभी रास्ते में अचानक हाथी से सामना हो गया। हाथी के हमले में ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथी ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।

 जानकारी के अनुसार, बलरामपुर जिले के निवासी विश्वनाथ पिता राजनाथ पहाड़ी कोरवा छात्रावास में भृत्य के पद पर पदस्थ थे। रविवार को वह अपने साथी बलदेव के साथ बाइक से अपनी बहन के घर अखोरा आए थे। शाम करीब 5:30 बजे दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान अखोरा-कल्याणपुर मुख्य मार्ग पर अचानक उनका सामना हाथी से हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों ने शराब पी रखी थी।

हाथी ने दोनों पर हमला कर दिया। इस दौरान बलदेव किसी तरह मौके से भागने में सफल रहा और अपनी जान बचा ली, लेकिन विश्वनाथ हाथी की चपेट में आ गए। हाथी ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। वन विभाग द्वारा नियमानुसार मुआवजा प्रकरण तैयार करने की कार्रवाई की जा रही है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

बंशीपुर में मुख्य मार्ग पर पहुंचा हाथी, थमे वाहनों के पहिए :-

इधर, सूरजपुर जिले के जरही नगर पंचायत से लगे ग्राम बंशीपुर स्थित झांपी नाला के पास रविवार दोपहर एक हाथी मुख्य मार्ग पर आ पहुंचा। हाथी को सड़क पर देखकर अंबिकापुर-बनारस मुख्य मार्ग पर कुछ देर के लिए वाहनों की आवाजाही थम गई। हालांकि इस दौरान हाथी ने किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया।

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा। इसके बाद मार्ग पर आवागमन सामान्य हो सका।

कल्याणपुर, भटगांव और प्रतापपुर क्षेत्र में विचरण कर रहे हाथी :-

गौरतलब है कि सूरजपुर जिले के कल्याणपुर, भटगांव और प्रतापपुर क्षेत्र सहित सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र में इन दिनों हाथियों का दल विचरण कर रहा है। लगातार हो रही हाथियों की आवाजाही से ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। ऐसे में वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को सतर्क रहने और हाथियों के नजदीक नहीं जाने की अपील की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top