Headlines

जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, बुजुर्ग पर डंडे से जानलेवा हमला; सिर फटा और जबड़ा टूटा…..

 

CG Samachar24.in

संचालक :- दीपक गुप्ता….✍️

सूरजपुर :- जिले के झिलमिली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दवनसरा के सिवारीपारा में जमीन के पुराने विवाद को लेकर एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में टुबलेट गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपियों ने डंडे से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसका सिर फट गया और जबड़ा भी टूट गया। गंभीर हालत में उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज संबद्ध अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

जमीन बंटवारे को लेकर लंबे समय से चल रहा था विवाद :-

मिली जानकारी के अनुसार, घटना 30 अक्टूबर की शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच की है। टुबलेट गांव में ही सुभद्रा पैकरा के घर के पास गया हुआ था। इसी दौरान सामने रहने वाले इंद्रदेव पैकरा और उसके भतीजे रामकेवल के साथ जमीन के हिस्सा बंटवारे को लेकर पुराना विवाद सामने आ गया। आरोप है कि दोनों ने टुबलेट के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए उसके पीछे दौड़ पड़े।

डंडे से सिर पर किए ताबड़तोड़ वार :-

जान बचाने के लिए टुबलेट वहां से भागा, लेकिन कच्ची सड़क पर रामदेव के घर के पास दोनों आरोपियों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि दोनों ने हाथ में रखे डंडे से उसके सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस दौरान पीछे-पीछे आ रही उसकी पत्नी श्यामकली ने पूरी घटना देखी। हमले में टुबलेट जमीन पर गिर पड़ा और उसके सिर व मुंह से खून बहने लगा। आरोप है कि दोनों हमलावर उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गए।

108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, हालत गंभीर :-

पति को लहूलुहान हालत में देखकर श्यामकली ने शोर मचाया, जिसके बाद गांव के राजपाल मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से 108 एंबुलेंस के माध्यम से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैयाथान ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल सूरजपुर रेफर कर दिया। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज संबद्ध अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने जांच के दौरान सिर में गंभीर चोट और जबड़ा टूटने की जानकारी दी।

पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मामला :-

घटना के संबंध में घायल की पत्नी श्यामकली ने झिलमिली थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम जांच एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top