Headlines

ओड़गी में चोरों के हौसले बुलंद! पकनी की किराना दुकान में सेंधमारी, ₹28,920 का सामान पार….

पहले पेट्रोल पंप से डीजल चोरी, अब किराना दुकान बनी निशाना , रात्रिकालीन गश्त पर उठे सवाल….?

CG Samachar24.in

संचालक :-दीपक गुप्ता…✍️

सूरजपुर/ओड़गी। सूरजपुर जिले के ओड़गी ब्लॉक अंतर्गत चेन्द्रा चौकी क्षेत्र में चोरी की लगातार सामने आ रही घटनाओं ने व्यापारियों और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ग्राम पकनी में अज्ञात चोरों ने किराना दुकान की पिछली दीवार में छेद कर हजारों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। इससे पहले चौक स्थित पेट्रोल पंप से डीजल चोरी की घटना भी सामने आई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद क्षेत्र में पुलिस की रात्रिकालीन गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

दीवार में छेद कर दुकान में घुसे चोर :-

पुलिस में दर्ज एफआईआर के अनुसार, ग्राम पकनी निवासी संदीप गोयल ने 21 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे अपनी किराना दुकान बंद की थी। अगले दिन 22 अक्टूबर की सुबह करीब 7:30 बजे जब उनके भाई प्रवीण गोयल दुकान खोलने पहुंचे, तो गोदाम की पिछली दीवार में छेद दिखाई दिया। दुकान के अंदर जांच करने पर किराना सामान गायब मिला। इसके बाद दुकानदार को सूचना दी गई और पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई गई।

तेल, साबुन और सिगरेट समेत ₹28,920 का सामान चोरी :-

शिकायत के मुताबिक, अज्ञात चोर दुकान से रिफाइंड तेल, विभिन्न प्रकार के तेल, साबुन, सिगरेट, चिकन मसाला सहित अन्य किराना सामान चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत 28 हजार 920 रुपये बताई गई है।

अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज :-

पुलिस ने 22 अक्टूबर को अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आरोपियों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी को लेकर पुलिस की आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।

व्यापारियों में असुरक्षा, रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने की मांग :-

क्षेत्र में पहले पेट्रोल पंप से डीजल चोरी और अब किराना दुकान में सेंधमारी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही चोरी से स्थानीय व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। लोगों के बीच रात्रिकालीन पुलिस गश्त को लेकर नाराजगी भी सामने आ रही है।

अब स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों की नजर पुलिस की कार्रवाई पर है। क्षेत्र में नियमित रात्रिकालीन गश्त, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत महसूस की जा रही है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top