ममता कॉलोनी में एक भी CCTV कैमरा नहीं, संदिग्धों से पूछताछ जारी; एसपी ने संभाला मोर्चा, जांच में जुटा पुलिस अमला…..
CG Samachar24.in
संचालक :-दीपक गुप्ता…..✍️
सूरजपुर। जिले के ग्राम पंचायत केशवनगर स्थित ममता कॉलोनी में प्रभारी प्रधान पाठिका रजनी बरेठ और उनके बेटे की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस की जांच जारी है। इस सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड में जयनगर और बिश्रामपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ हत्या के अलग-अलग अपराध दर्ज किए हैं। हालांकि, घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच सकी है।
जानकारी के अनुसार, रविवार को पोस्टमार्टम के बाद मां-बेटे के शव परिजनों को सौंप दिए गए थे। परिजन दोनों के शव लेकर देर रात अपने गृहग्राम पहुंचे। इसके बाद सोमवार को परिजनों के आपसी विचार-विमर्श के पश्चात मृतका रजनी बरेठ के ससुराल रायगढ़ में गमगीन माहौल के बीच मां-बेटे का अंतिम संस्कार किया गया। इस हृदयविदारक घटना से परिजनों और परिचितों में शोक का माहौल है।
एसपी सहित पुलिस अमला जांच में जुटा :-
दोहरे हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने जांच की कमान संभाल ली है। एसपी सहित पुलिस का पूरा अमला बिश्रामपुर थाने में डटा हुआ है। मामले में संदिग्ध व्यक्तियों को बारी-बारी से बुलाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे की वजह, आरोपितों की पहचान और वारदात से जुड़े संभावित सुरागों का पता लगाने में जुटी है।
कॉलोनी में CCTV कैमरे नहीं होना बनी चुनौती :-
इस मामले में ममता कॉलोनी में एक भी CCTV कैमरा नहीं होने की बात सामने आई है। ऐसे में घटनास्थल और आसपास की गतिविधियों से जुड़े दृश्य साक्ष्य उपलब्ध नहीं होने के कारण जांच में चुनौती बढ़ सकती है। पुलिस अब पूछताछ और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल मां-बेटे की हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और न ही आरोपितों की पहचान हो पाई है। अब देखना होगा कि पुलिस इस अंधे हत्याकांड का खुलासा कर आरोपितों तक कब पहुंचती है।