SIT गठित कर निष्पक्ष जांच और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग, कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी…..
CG Samachar24.in
संचालक :-दीपक गुप्ता….✍️
सूरजपुर । जिले के ग्राम पंचायत केशवनगर स्थित ममता कॉलोनी में महिला शिक्षिका रजनी बरेठ और उनके पुत्र सुजल बरेठ की नृशंस हत्या के मामले में पांचवें दिन भी पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है। 10 अक्टूबर को हुई इस दोहरे हत्याकांड की वारदात ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। मां-बेटे की निर्मम हत्या से इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। वहीं, आरोपियों की गिरफ्तारी में हो रही देरी को लेकर लोगों की चिंता भी बढ़ती जा रही है।
एसपी स्वयं कर रहे जांच की मॉनिटरिंग :-
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल स्वयं जांच की निगरानी कर रहे हैं। हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए जिले के विभिन्न थाना-चौकियों के पुलिसकर्मियों को जांच में लगाया गया है। पुलिस की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अब तक आरोपियों तक पहुंचने में कोई ठोस सफलता नहीं मिल सकी है।
धोबी समाज ने सौंपा ज्ञापन, SIT गठन की मांग :-
इस जघन्य हत्याकांड में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए अब सामाजिक संगठनों ने भी आवाज उठानी शुरू कर दी है। बुधवार को संभागीय धोबी समाज के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के साथ वरिष्ठ अधिकारी की निगरानी में विशेष जांच दल (SIT) गठित करने की मांग की।
समाज ने मांग की कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल ट्रेसिंग तथा अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जाए और हत्याकांड में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाए।
दोषियों को संरक्षण कोई निर्दोष न फंसें :-
ज्ञापन में समाज ने स्पष्ट कहा कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष होनी चाहिए। किसी भी दोषी को उसके प्रभाव, पहुंच या आर्थिक स्थिति के आधार पर संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। साथ ही, किसी निर्दोष व्यक्ति को भी गलत तरीके से मामले में नहीं फंसाया जाना चाहिए।
समाज ने यह भी मांग की कि यदि जांच के दौरान किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही अथवा साक्ष्यों से छेड़छाड़ की बात सामने आती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाए।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी :-
संभागीय धोबी समाज के अध्यक्ष राकेश कुमार रजक ने कहा कि मां-बेटे की हत्या बेहद गंभीर घटना है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में जल्द ठोस कार्रवाई नहीं होती है, तो समाज इस मुद्दे को शासन स्तर पर उठाएगा। आवश्यकता पड़ने पर धरना-प्रदर्शन भी किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में बाबूलाल, रामफल रजक, नीलम, उमेश कुमार, जगदेव रजक, महेश कौशिक सहित समाज के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
अब पूरे क्षेत्र की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं। परिजनों और आम लोगों को उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही इस दोहरे हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाएगी।