अंबिकापुर-बनारस हाइवे पर दर्दनाक सड़क हादसा , अज्ञात ट्रक की चपेट में आने से भाजपा मंडल उपाध्यक्ष नरेश चौधरी की मौके पर मौत, चालक फरार…..

CG Samachar24.in

संचालक :- दीपक गुप्ता…✍️

सूरजपुर । अंबिकापुर-बनारस हाइवे पर बुधवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में भाजपा मंडल लटोरी के उपाध्यक्ष 45 वर्षीय नरेश चौधरी पिता मनबोध चौधरी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सूरजपुर जिले के लटोरी चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत गंगापुर में हुआ। दुर्घटना के बाद अज्ञात ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत तुलसी निवासी नरेश चौधरी बुधवार को किसी काम से लटोरी आए हुए थे। काम पूरा करने के बाद वे दोपहर करीब 3 बजे मोटरसाइकिल से अपने घर तुलसी लौट रहे थे। इसी दौरान वे अंबिकापुर-बनारस स्टेट हाइवे पर ग्राम गंगापुर स्थित ज्वाला घर के समीप पहुंचे थे।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे एक अज्ञात ट्रक के चालक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नरेश चौधरी सड़क पर जा गिरे और ट्रक उन्हें कुचलते हुए आगे निकल गया। गंभीर रूप से कुचल जाने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद चालक ट्रक समेत फरार :-

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही लटोरी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया है। वहीं अज्ञात ट्रक और उसके चालक की पहचान के लिए पुलिस आसपास मौजूद लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है। इसके अलावा क्षेत्र में उपलब्ध सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान की जा सके।

पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।

भाजपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर :-

नरेश चौधरी की सड़क हादसे में असमय मौत की खबर मिलते ही उनके परिजनों में मातम पसर गया। वहीं ग्राम पंचायत तुलसी सहित लटोरी क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं, परिचितों और ग्रामीणों में भी शोक की लहर दौड़ गई।

नरेश चौधरी भाजपा मंडल लटोरी के उपाध्यक्ष पद पर कार्यरत थे। उनके निधन की खबर से पार्टी कार्यकर्ताओं में गहरा दुख है। कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों ने उनके असमय निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।

फिलहाल पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है। सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top