एक करोड़ खर्च के बाद भी बदहाल भैयाथान-पटना मार्ग, नालियां जाम और सड़क पर बने जानलेवा गड्ढे….

बड़सरा चौक से सरईमुड़ा नाला तक सड़क की हालत खराब, बारिश में बढ़ा हादसे का खतरा….

CG Samachar 24.in

संचालक :- दीपक गुप्ता…✍️

सूरजपुर/भैयाथान। करीब एक किलोमीटर सड़क पर लगभग एक करोड़ रुपए खर्च होने के बावजूद भैयाथान-पटना मुख्य मार्ग की हालत लगातार बदतर होती जा रही है। सड़क किनारे बनाई गई नालियां मिट्टी-मलबे से पट चुकी हैं। वहीं कई स्थानों पर ग्रामीणों द्वारा घरों के सामने नालियों को पाटकर कंक्रीट कर दिया गया है। इससे सड़क किनारे पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है और बारिश का पानी सड़क पर बह रहा है।

बड़सरा चौक से सरईमुड़ा नाला तक करीब एक किलोमीटर सड़क के दोनों ओर नालियों का निर्माण किया गया था, लेकिन कई जगह नालियां मिट्टी-मलबे से पट गई हैं और कई स्थानों पर उन्हें पाट दिए जाने के कारण जल निकासी बंद हो गई है। दूसरी ओर करोंदामुड़ा से बड़सरा के बीच कई हिस्सों में नालियों का निर्माण ही नहीं किया गया, जिसके कारण खेतों का पानी सीधे सड़क पर आकर बह रहा है। कोयलारी क्षेत्र में भी नालियां जाम होने से पानी सड़क पर जमा हो रहा है।

एक से दो फीट गहरे गड्ढे, पानी भरने से बढ़ा खतरा :-

बड़सरा चौक से बसकर नाला तक, कोयलारी में साहू बस्ती से पश्चिम बस्ती तक तथा करोंदामुड़ा में गोवरी नदी पुल के समीप से बड़सरा तक सड़क की स्थिति बेहद खराब हो गई है। सड़क के बीचों-बीच कई बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनकी गहराई करीब एक से दो फीट तक बताई जा रही है।

बारिश का पानी गड्ढों में भर जाने के कारण उनकी वास्तविक गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों, स्कूली बच्चों और चारपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार कई जगह कारों का चेचिस तक सड़क से टकरा रहा है, जबकि बाइक सवारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

नालियों की सफाई और सड़क मरम्मत की मांग :-

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से सड़क किनारे की नालियों की तत्काल सफाई कराने, जहां नालियां पाट दी गई हैं वहां जल निकासी की व्यवस्था बहाल करने, अतिक्रमण हटाने तथा सड़क के जानलेवा गड्ढों की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क और जल निकासी व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में यह बदहाली किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

लोक निर्माण विभाग ने कहा—नाली पटने की जानकारी नहीं थी :-

इस संबंध में लोक निर्माण विभाग सूरजपुर के एई ललित भोई ने कहा, “मुझे नाली पटने की जानकारी नहीं थी। कल दिखवाता हूं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top