सूरजपुर/रामानुजनगर। सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सुरता के केरहियापारा में 26 अगस्त की दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 3 वर्षीय मासूम की कुएं में डूबने से मौत हो गई। खेलते-खेलते बच्चा घर के पास स्थित कुएं के पास पहुंच गया था। पानी निकालने के प्रयास के दौरान उसका पैर फिसल गया और वह कुएं में जा गिरा।
जानकारी के अनुसार ग्राम सुरता के केरहियापारा निवासी तुलेश्वर सिंह का 3 वर्षीय पुत्र कृष्णा 26 अगस्त की दोपहर घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान वह खेलते-खेलते घर के बगल में स्थित कुएं के पास पहुंच गया। कुएं में पानी देखकर वह बाल्टी से पानी निकालने का प्रयास करने लगा। इसी बीच अचानक उसका पैर फिसल गया और वह कुएं में गिर गया।
काफी देर तक कृष्णा दिखाई नहीं दिया तो उसके माता-पिता उसे आसपास खोजने लगे। खोजते हुए जब वे कुएं के पास पहुंचे तो वहां बाल्टी और रस्सी नहीं दिखाई दी। अनहोनी की आशंका होने पर उन्होंने कुएं में झांका। इस दौरान पानी के ऊपर रस्सी तैरती दिखाई दी, जिससे उन्हें बच्चे के कुएं में गिरने का संदेह हुआ।
पंप से कुएं का पानी निकाला गया :-
बारिश के कारण कुआं पानी से ऊपर तक भरा हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पंप की मदद से कुएं का पानी बाहर निकाला गया। पानी कम होने पर परिजन कुएं में उतरे, जहां कृष्णा मृत अवस्था में मिला।
मासूम का शव बाहर निकलते ही मौके पर कोहराम मच गया। अपने बच्चे का शव देखकर माता-पिता बेसुध हो गए।
गोद में शव लेकर बिलखते रहे माता-पिता :-
कृष्णा का शव कुएं से बाहर निकलते ही माता-पिता उसे गोद में लेकर फूट-फूटकर रोने लगे। इस मार्मिक दृश्य को देखकर वहां मौजूद ग्रामीणों की भी आंखें नम हो गईं। परिवार के अन्य सदस्य भी इस हादसे से सदमे में हैं।
घटना की सूचना मिलने पर रामानुजनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया। खेलते-खेलते 3 वर्षीय कृष्णा का इस तरह दुनिया से चले जाना पूरे गांव के लिए बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना है।