भटगांव में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक की चपेट में आने से 13 वर्षीय बालिका की मौत, सहेली घायल….

CG Samachar 24.in

संचालक :- दीपक गुप्ता…✍️

सूरजपुर। जिले के भटगांव थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एसईसीएल जीएम कार्यालय के पास तेज रफ्तार मोटरसाइकिल और ट्रक के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार 13 वर्षीय बालिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी सहेली गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बालिका को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, दोनों 13 वर्षीय बालिकाएं मोटरसाइकिल से मंदिर जा रही थीं। बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल की रफ्तार तेज थी। एसईसीएल जीएम कार्यालय के पास पहुंचने से पहले ब्रेकर पर मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क के दूसरी ओर चली गई। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए।

ट्रक से हुई सीधी भिड़ंत :-

बताया गया कि ग्राम तिलसुआपारा निवासी रितिका पिता रामसाय उम्र 13 वर्ष अपनी सहेली ग्राम दुग्गा निवासी वर्शी राजवाड़े पिता संतोष उम्र 13 वर्ष के साथ बाइक क्रमांक CG 15 DK 3307 पर सवार होकर रविवार सुबह करीब 11:30 बजे मंदिर जा रही थीं।

दोनों डीएव्ही स्कूल की ओर से होते हुए भटगांव एसईसीएल जीएम कार्यालय के पास सोनू इलेक्ट्रॉनिक्स के सामने पहुंचीं। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक क्रमांक CG 29 AH 5148 से उनकी मोटरसाइकिल की जोरदार भिड़ंत हो गई।

टक्कर के बाद बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में एक बालिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई।

हादसे के बाद तत्काल पहुंची पुलिस :-

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही भटगांव पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल बालिका को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहीं मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बेटी की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ब्रेकर पर अनियंत्रित हुई थी मोटरसाइकिल :-

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मोटरसाइकिल और ट्रक दोनों की रफ्तार तेज थी। घटनास्थल से कुछ दूरी पहले ब्रेकर पर मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क की दूसरी ओर चली गई और इसी दौरान जगन्नाथपुर सीएचपी की ओर से कोयला परिवहन में लगा ट्रक सामने आ गया। दोनों वाहनों की सीधी भिड़ंत हो गई।

घटनास्थल पर अगरबत्ती सहित अन्य पूजा सामग्री एक पॉलीथिन में बिखरी हुई मिली, जिससे यह माना जा रहा है कि दोनों बालिकाएं मंदिर जाने के लिए निकली थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top