Headlines

सूरजपुर में सनसनीखेज दोहरा हत्याकांड: शिक्षिका और 12वीं के छात्र बेटे की बेरहमी से हत्या , संदेहियों से पुलिस की  पुछताछ…..

ममता कॉलोनी में बाथरूम में मिला शिक्षिका का शव, अंबिकापुर के पास महावीरपुर में मिला था बेटे का शव; 2-3 संदेही हिरासत में, पुलिस हर एंगल से कर रही जांच…

CG Samachar24.in

संचालक : दीपक गुप्ता ✍️

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शिक्षिका और उसके बेटे की नृशंस हत्या का मामला सामने आने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। केशवपुर स्थित ममता कॉलोनी में रहने वाली शिक्षिका रजनी बरेठ और उसके 18 वर्षीय बेटे सुजल की हत्या कर दी गई। शिक्षिका का शव घर के बाथरूम में मिला, जबकि उसके बेटे का क्षत-विक्षत शव अंबिकापुर शहर से लगे महावीरपुर में बरामद हुआ। इस दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में सूरजपुर पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं।

महावीरपुर में मिला था बेटे का शव :-

जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले की निवासी 42 वर्षीय रजनी बरेठ शिक्षिका थीं और सूरजपुर जिले के ग्राम बेलटिकरी स्थित स्कूल में पदस्थ थीं। करीब पांच वर्ष पहले पति से तलाक होने के बाद वह अपने 18 वर्षीय बेटे सुजल के साथ केशवपुर की ममता कॉलोनी में रह रही थीं। सुजल बिश्रामपुर स्थित कार्मेल स्कूल में कक्षा 12वीं का छात्र था।

बताया जा रहा है कि 9 अक्टूबर से मां-बेटे के मोबाइल फोन बंद थे। इसी बीच 10 अक्टूबर की सुबह अंबिकापुर शहर के नजदीक ग्राम महावीरपुर में काली घाट मंदिर के पीछे वाले रास्ते पर सुजल का क्षत-विक्षत शव मिला। उसके शरीर पर धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान बताए गए हैं। रात करीब 8 बजे उसकी पहचान हुई।

घर में ताला, बाथरूम में मिला था शिक्षिका का शव :-

बेटे का शव मिलने के बाद पुलिस ने शिक्षिका के घर पहुंचकर जांच की, लेकिन मकान के दरवाजे पर ताला लगा हुआ था। शिक्षिका के भी लापता होने की आशंका के बीच पुलिस ने देर रात करीब 2 बजे मकान का ताला तोड़ा। अंदर बाथरूम में शिक्षिका रजनी बरेठ का शव मिला। इसके बाद मामला दोहरे हत्याकांड के रूप में सामने आया।

2-3 संदेही हिरासत में, पूछताछ जारी :-

मामले की गंभीरता को देखते हुए सूरजपुर पुलिस, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी हुई हैं। पुलिस ने पूछताछ के लिए 2-3 संदेहियों को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि संदेहियों में कुछ स्थानीय लोग भी शामिल हैं।

प्रारंभिक चर्चाओं के अनुसार, एक युवक का शिक्षिका के घर आना-जाना था। शिक्षिका द्वारा कथित तौर पर 20 लाख रुपये का लोन लिए जाने और इस संबंध में युवक से विवाद की बात भी सामने आ रही है। हालांकि, इन चर्चाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

दोनों के मोबाइल गायब, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस :-

इस दोहरे हत्याकांड में एक महत्वपूर्ण बात यह भी सामने आई है कि शिक्षिका और उसके बेटे, दोनों के मोबाइल फोन गायब हैं। पुलिस इस पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज से भी कुछ अहम सुराग मिलने की बात कही जा रही है।

फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मां-बेटे की हत्या किसने और किस वजह से की, इसका खुलासा पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top