सूरजपुर। जिले के चेंन्द्रा चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पलमा में बकरी की खाल को लेकर हुए विवाद के बाद एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में महिला के पति रिंकू पैकरा उर्फ बउधा (32 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 06 अक्टूबर 2026 को ग्राम पलमा निवासी रजनी पैंकरा ने चौकी चेन्द्रा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि सुबह घर में उसका भतीजा रिंकू पैकरा उर्फ बउधा अपनी पत्नी रामकुमारी के साथ मौजूद था। बकरी का मटन बेचने के बाद दोनों पति-पत्नी बस्ती की ओर गए और दोपहर में वापस घर लौटे।
घर लौटने के बाद रिंकू अपनी पत्नी से बकरी की खाल के संबंध में पूछताछ करने लगा। खाल के बारे में जानकारी नहीं मिलने पर उसने कथित रूप से मारपीट करने के लिए डंडा उठा लिया। इसी दौरान रजनी ने डंडा उससे छीन लिया और खेत की ओर चली गई।
शाम को वापस लौटने पर घर में कई अन्य लोग मौजूद थे। रजनी जब उनके साथ घर के अंदर गई तो रामकुमारी मृत अवस्था में पड़ी मिली। उसके शरीर पर चोट के निशान पाए गए। इसके बाद रजनी ने रिंकू पैकरा द्वारा मारपीट कर हत्या किए जाने की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराई।
मामले में चौकी चेन्द्रा पुलिस ने अपराध क्रमांक 219/26, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल (भापुसे) ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी तथा वैज्ञानिक साक्ष्यों को सूक्ष्मता से संकलित करने के निर्देश दिए। निर्देश के बाद चौकी चेन्द्रा पुलिस ने दबिश देकर आरोपी रिंकू पैकरा उर्फ बउधा पिता स्व. संतलाल पैकरा, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम पलमा, चौकी चेन्द्रा को हिरासत में लिया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने हत्या की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन एवं एसडीओपी ओड़गी राजेन्द्र मण्डावी के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी चेन्द्रा केश्वर राम मरावी, प्रधान आरक्षक लालमन राजवाड़े, शत्रुहन पोर्ते, राजकुमार, आरक्षक जगत पैकरा, कमलेश्वर सिंह, दीपक खलखो, गिरजा शंकर, घनश्याम सिंह एवं शैलेश राजवाड़े की सक्रिय भूमिका रही।