Headlines

आधी रात घर में घुसा फूफा, 6 साल के मासूम और ससुर पर पेट्रोल डालकर लगाई आग….

 

पत्नी को खोजते हुए ससुराल पहुंचा था आरोपी, धमकी के बाद वारदात; मासूम गंभीर रूप से झुलसा, आरोपी हिरासत में….

CG Samachar24.in

संचालक :- दीपक गुप्ता….✍️

सूरजपुर/रामानुजनगर। सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद को लेकर सनसनीखेज घटना सामने आई है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने आधी रात अपने ससुराल में घुसकर 6 वर्षीय मासूम और अपने ससुर के ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। घटना में बच्चा झुलस गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।

पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार ग्राम रामेश्वरम निवासी कल सिंह ने अपने जीजा भजन सिंह, निवासी खालपारा, के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि उसकी बहन संगीता और उसके पति भजन सिंह के बीच विवाद चल रहा था। आरोप है कि विवाद के दौरान भजन सिंह ने पत्नी के साथ मारपीट की, जिसके बाद वह घर से चली गई।

इसके बाद आरोपी अपनी पत्नी की तलाश में करीब 4-5 दिन पहले ससुराल पहुंचा था। पत्नी के नहीं मिलने पर उसने ससुर, साले और परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी थी।

आधी रात घर में घुसकर किया हमला :-

आरोप के मुताबिक 29 सितंबर की रात करीब 11 से 12 बजे के बीच भजन सिंह लकड़ी के गेट को खोलकर घर के अंदर घुसा। इसके बाद उसने अपने 6 वर्षीय साले के बेटे सत्यम और उसके पिता जय सिंह के ऊपर पेट्रोल छिड़क दिया और माचिस से आग लगा दी।

घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई और परिजनों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मासूम के हाथ-पैर समेत कई हिस्से झुलसे :-

आग की चपेट में आने से 6 वर्षीय सत्यम के हाथ, पैर, कान, बांह, जांघ और पीठ पर जलने के निशान आए हैं। परिजनों ने उसे तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार शुरू किया गया।

पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में :-

घटना की शिकायत के बाद रामानुजनगर पुलिस ने आरोपी भजन सिंह के खिलाफ बीएनएस की धारा 109 एवं 332(बी) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top