Headlines

सीएएफ जवान विजेंद्र ठाकुर की मौत पर उठे सवाल…? शव सड़क पर रखकर 4 घंटे चक्काजाम….

CG Samachar24.in

संचालक :- दीपक गुप्ता…✍️

सूरजपुर/देवनगर। छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) की एसएफ-6 बटालियन में पदस्थ जवान विजेंद्र ठाकुर का शव बीजापुर से उनके गृहग्राम सूरजपुर जिले के देवनगर पहुंचा। जवान की मौत को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने गंभीर सवाल उठाते हुए शव को मुख्य सड़क पर रखकर करीब 4 से 5 घंटे तक चक्काजाम कर दिया।

परिजनों के अनुसार विभाग की ओर से उन्हें जवान द्वारा खुद को गोली मारकर आत्महत्या किए जाने की जानकारी दी गई है। हालांकि, परिवार ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए मौत के पीछे हत्या अथवा किसी साजिश की आशंका जताई है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच कराने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान परिजनों ने जवान को शहीद का दर्जा, परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा, पत्नी को सरकारी नौकरी तथा बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी शासन द्वारा उठाए जाने की मांग रखी। परिवार का आरोप था कि शव को गांव लाए जाने के दौरान विभाग की ओर से किसी वरिष्ठ अधिकारी की मौजूदगी भी नहीं थी, जिससे परिजनों में नाराजगी देखी गई।

एसडीएम के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ चक्काजाम :-

चक्काजाम की सूचना मिलते ही एसडीएम समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों व ग्रामीणों से चर्चा की। काफी समझाइश के बावजूद ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। बाद में एसडीएम ने परिजनों की मांगों को शासन तक पहुंचाने और उचित कार्रवाई के लिए आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया।

प्रदर्शन समाप्त होने के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने दिवंगत सीएएफ जवान विजेंद्र ठाकुर को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद जवान के शव को तिरंगे में लपेटकर सम्मान के साथ अंतिम यात्रा निकाली गई। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top