Headlines

पेंडारी घाट में पलटा ट्रक तो खुला 1.19 करोड़ के गांजा तस्करी का राज…!

प्लास्टिक दाने की आड़ में हो रही थी तस्करी, 9 बोरियों में छिपाकर गड्ढे में रखा था 238 किलो गांजा; ट्रक चालक गिरफ्तार….

CG Samachar24.in

संचालक :- दीपक गुप्ता….✍️

सूरजपुर। जिले के चंदौरा थाना क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर घाट पेंडारी में दुर्घटनाग्रस्त हुए एक ट्रक से पुलिस ने 238 किलो 290 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 1 करोड़ 19 लाख रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

बताया जा रहा है कि गांजे की तस्करी प्लास्टिक दाने की आड़ में की जा रही थी। ट्रक के पलटने के बाद सामान को क्रेन की मदद से हटाया जा रहा था। इसी दौरान बिखरे सामान में शामिल गांजे की 9 बोरियों को सड़क किनारे एक गड्ढे में छिपाकर प्लास्टिक तिरपाल से ढंक दिया गया था।

मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस :-

पुलिस के अनुसार 30 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि घाट पेंडारी में ट्रक क्रमांक UP 13 T-5497 पलट गया है। ट्रक से सामान निकालकर कुछ दूरी पर गड्ढे में छिपाकर रखा गया है और वहां किसी को जाने नहीं दिया जा रहा है।

सूचना मिलते ही चंदौरा पुलिस मौके पर पहुंची। वहां क्षतिग्रस्त ट्रक खड़ा मिला और आसपास प्लास्टिक दाने की बोरियां बिखरी हुई थीं। मौके पर ट्रक चालक या अन्य कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था।

गड्ढे में छिपी मिलीं गांजे की 9 बोरियां :-

पुलिस ने आसपास के क्षेत्र की तलाशी ली तो एक गड्ढे में तिरपाल से ढंककर रखी गई 9 बोरियां मिलीं। जांच करने पर इनमें गांजा भरा हुआ पाया गया। पुलिस ने कुल 238 किलो 290 ग्राम गांजा जब्त किया।

इसके अलावा पुलिस ने 19 बड़े बोरों में भरा प्लास्टिक दाना और ट्रक भी जब्त किया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था गांजा :-

पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार ट्रक चालक की पहचान उत्तर प्रदेश के देहली गेट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम इंद्रानगर निवासी सुनील कुमार सिंह (32 वर्ष), पिता लक्ष्मण सिंह के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह ओडिशा से प्लास्टिक दाने के साथ गांजा लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था। ट्रक अलीगढ़ निवासी उसके साथी के नाम से पंजीकृत है और वह उसे पार्टनरशिप में चला रहा था।

आरोपी के अनुसार ट्रक में हाथरस के एक ड्राइवर के माध्यम से गांजा लोड किया गया था और उसे लखनऊ ले जाया जा रहा था। इसी दौरान 29 सितंबर को घाट पेंडारी में ट्रक पलट गया।

पुलिस टीम की कार्रवाई :-

कार्रवाई में थाना प्रभारी चंदौरा लक्ष्मण सिंह धुर्वे, प्रधान आरक्षक शैलेष सिंह, भगवत दयाल पैकरा, आरक्षक अभय तिवारी, अवधेश कुशवाहा, सूरज पाटिल, विजय गुप्ता, कमलेश यादव, अमृतलाल जगत, अशोक कुमार और मनोज राजवाड़े शामिल रहे।

पुलिस मामले में गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top