बीते मंगलवार की शाम 4:00 बजे ग्राम गंगौटी के नान तालाब में हुआ हादसा, खालपारा निवासी कन्नी लाल सिंह की मौत से गांव में पसरा मातम…..
CG Samachar24.in
संपादकीय रिपोर्ट / दीपक गुप्ता…..✍️
सूरजपुर/भैयाथान। विकासखंड भैयाथान अंतर्गत ग्राम पंचायत गंगौटी के नान तालाब में बीते मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया। दोस्तों के साथ तालाब में नहाने गए खालपारा निवासी कन्नी लाल सिंह गहरे पानी में समा गए। देखते ही देखते वह पानी में लापता हो गए, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना बीते मंगलवार शाम करीब 4:00 बजे की बताई जा रही है। कन्नी लाल सिंह अपने दोस्तों के साथ नान तालाब में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान वह तालाब के गहरे हिस्से में चले गए और अचानक पानी में डूब गए। साथ मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण उन्हें तत्काल सफलता नहीं मिल सकी।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय स्तर पर रेस्क्यू की कार्रवाई शुरू की गई। बाद में रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और नाव की सहायता से गहरे पानी में तलाश अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने कन्नी लाल सिंह के शव को पानी से बाहर निकाला।
हादसे की सूचना पुलिस को मिलने के बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मामले में मर्ग कायम कर घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी गई है।
युवक की असामयिक मौत की खबर जैसे ही गांव में पहुंची, गंगौटी और खालपारा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
तालाब में हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर गहरे जलाशयों में नहाने के दौरान बरती जाने वाली सावधानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने ऐसे स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था और लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता जताई है।
पुलिस की मर्ग जांच के बाद ही हादसे से जुड़ी परिस्थितियों की पूरी जानकारी सामने आ सकेगी।