नवविवाहिता की मौत के बाद पीएम में देरी पर अस्पताल में हंगामा, परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप….
CG Samachar24.in
संचालक :- दीपक गुप्ता…..✍️
सूरजपुर। जिले में अलग-अलग घटनाओं में एक शिक्षक और नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, नवविवाहिता की मौत के बाद पोस्टमार्टम में हुई देरी को लेकर परिजनों और ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। आक्रोशित ग्रामीणों ने लटोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जमकर हंगामा किया।
डेढ़ माह पहले परिवार से अलग रहने लगे थे शिक्षक :-
पहली घटना सूरजपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत दतिमा की है। करंजी पुलिस के अनुसार लाइनपारा कुमदा बस्ती में पदस्थ 42 वर्षीय शिक्षक राजेश प्रसाद सारथी पिता सोना लाल सारथी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि शिक्षक का परिवार के साथ विवाद चल रहा था। करीब डेढ़ माह पहले उन्होंने बिश्रामपुर की चोपड़ा कॉलोनी स्थित अपना निवास छोड़कर दतिमा में रहना शुरू किया था।
घटना वाली रात उन्होंने भोजन से पहले दवा ली और खाना खाने के बाद सो गए। सोमवार सुबह घर में उनका शव मिला। शिक्षक को बीपी की भी शिकायत थी। परिवार से अलग रहने के कारण उनके मानसिक तनाव में होने की बात सामने आई है। उनके द्वारा जहरीले पदार्थ का सेवन किए जाने की आशंका भी जताई जा रही है।
हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। यह स्पष्ट होगा कि उनकी मौत हृदयाघात से हुई या किसी अन्य कारण से।
अचानक बिगड़ी नवविवाहिता की तबीयत, अस्पताल में तोड़ा दम :-
दूसरी घटना ग्राम पंचायत लटोरी के भंडारपारा की है। यहां रहने वाली 21 वर्षीय पुष्पलता राजवाड़े पति मनीष राजवाड़े की सोमवार शाम अचानक तबीयत बिगड़ गई। चक्कर आने के बाद वह घर में ही गिर पड़ी। परिजन तत्काल उसे लटोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
नवविवाहिता की मौत पर मायके पक्ष ने संदेह जताया, जिसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतिका मूल रूप से सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम रकेली की निवासी थी। करीब दो वर्ष पूर्व उसका विवाह हुआ था और उसका एक बच्चा भी है।
पीएम में देरी से भड़के परिजन, अस्पताल में जमकर हंगामा :-
नवविवाहिता की मौत के बाद लटोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। सोमवार शाम मौत होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के पीएम कक्ष में रखवाया गया था, लेकिन पोस्टमार्टम मंगलवार शाम को किया गया।
परिजनों का आरोप है कि सुबह ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक और अस्पताल कर्मचारियों द्वारा उन्हें बार-बार गुमराह किया गया, जिसके चलते उन्हें बेवजह परेशानियों का सामना करना पड़ा। पोस्टमार्टम में देरी से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया।
जिला पंचायत सदस्य के हस्तक्षेप के बाद हुआ पीएम :-
मामले में जिला पंचायत सदस्य किरण सिंह केराम ने हस्तक्षेप किया और जल्द पोस्टमार्टम कराने की व्यवस्था कराई। सूरजपुर बीएमओ डॉ. अमित भगत ने पत्रकारों को बताया कि उन्हें मंगलवार को इस मामले की जानकारी मिली थी। जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल पोस्टमार्टम कराने की पहल की। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया।
फिलहाल पुलिस दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौतों की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।