7 दिवस के भीतर समस्या का निराकरण नहीं होने पर किसानों के साथ उग्र आंदोलन की चेतावनी…..
CG Samachar24.in
संचालक :- दीपक गुप्ता….✍️
सूरजपुर। जिले के विभिन्न ग्रामों में धान खरीदी पंजीयन के दौरान किसानों की कृषि भूमि का रकबा शून्य प्रदर्शित होने से किसान परेशान हैं। इस गंभीर समस्या को लेकर मंगलवार को सरगुजा बचाओ संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर सूरजपुर को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित किसानों के पंजीयन में सुधार करने तथा वास्तविक कृषि रकबा पुनः दर्ज कराने की मांग की है।
समिति ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि तकनीकी अथवा राजस्व अभिलेखों से संबंधित त्रुटियों के कारण कई किसानों का पंजीकृत कृषि रकबा शून्य हो गया है। इससे आगामी धान खरीदी के दौरान किसानों को अपनी उपज बेचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। किसानों ने अपनी कृषि भूमि पर खरीफ फसल की खेती की है तथा धान विक्रय के लिए पंजीयन भी कराया है, लेकिन पोर्टल पर रकबा शून्य प्रदर्शित होने से उनके सामने आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
समिति ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित किसानों की ग्रामवार एवं धान खरीदी केंद्रवार सूची तैयार कराई जाए। साथ ही संबंधित किसानों के भूमि अभिलेखों एवं पंजीयन की जांच कर वास्तविक कृषि रकबा पुनः दर्ज किया जाए।
इसके अलावा रकबा संबंधी समस्या का निराकरण होने तक प्रभावित किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए धान खरीदी के लिए उचित वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी की गई है।
ज्ञापन सौंपने वालों में आदिवासी युवा छात्र संगठन (AYSU) छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष अशोक पैकरा, AYSU सरगुजा संभाग संरक्षक कृष्णा नारायण प्रताप, AYSU सूरजपुर जिला अध्यक्ष आनंद सिंह मरकाम, सरगुजा बचाओ संघर्ष समिति के संदीप कुशवाहा, विनय पैकरा, शीतल प्रसाद पाटिल, वीरेंद्र कुशवाहा एवं जय सिंह शामिल रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर से संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल जांच कर समस्या का निराकरण करने के निर्देश देने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि 7 दिवस के भीतर किसानों की मांगों का निराकरण नहीं किया गया, तो प्रभावित किसानों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा।