12 गांवों को मिलेगी राहत, रपटा बहने से ग्रामीणों को करना पड़ रहा था 15 किलोमीटर अतिरिक्त सफर….
CG Samachar24.in
संचालक :-दीपक गुप्ता….✍️
सूरजपुर/भैयाथान। डुमरिया–केवरा मार्ग पर खुटरापारा स्थित गोबरी नदी पर उच्चस्तरीय पुल निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में शामिल इस कार्य के लिए 3 करोड़ 51 लाख 29 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। लंबे समय से आवागमन की समस्या से जूझ रहे क्षेत्र के ग्रामीणों को अब स्थायी राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
पुल निर्माण की स्वीकृति मिलने पर मंडल अध्यक्ष सुनील साहू, सौरभ साहू, राजेश साहू, टीमल सिंह और उजाला ठाकुर सहित क्षेत्रवासियों ने कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रति आभार व्यक्त किया है।
पुल टूटने से 12 गांवों का संपर्क हुआ था प्रभावित :-
गोबरी नदी पर बना पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद क्षेत्र के करीब 12 गांवों के लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। जिला मुख्यालय सूरजपुर और ब्लॉक मुख्यालय भैयाथान आने-जाने के लिए ग्रामीणों को लगभग 15 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही थी।
ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के निर्देश पर तत्काल राहत के लिए अस्थायी रपटा पुल का निर्माण कराया गया था। हालांकि, जुलाई 2026 में आई बाढ़ में रपटा भी बह गया, जिससे एक बार फिर आवागमन बाधित हो गया और ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गईं।
बार-बार संपर्क मार्ग बाधित होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन, जरूरी कामकाज और मुख्यालय तक पहुंचने में परेशानी हो रही थी। अब उच्चस्तरीय पुल के निर्माण को प्रशासकीय मंजूरी मिलने से ग्रामीणों को इस समस्या से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।
बरसात में भी अब सुगम होगा आवागमन :-
उच्चस्तरीय पुल बनने से डुमरिया–केवरा मार्ग पर आवागमन सुगम होने की संभावना है। विशेषकर बरसात के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ने पर गांवों का संपर्क टूटने और ग्रामीणों को लंबा चक्कर लगाकर जाने की मजबूरी से राहत मिलेगी। इससे क्षेत्र के लोगों को जिला एवं विकासखंड मुख्यालय तक पहुंचने में सुविधा होगी।
तकनीकी स्वीकृति के बाद शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया :-
लोक निर्माण विभाग के स्वीकृति आदेश के अनुसार, निर्माण कार्य के लिए सक्षम अधिकारी से तकनीकी स्वीकृति प्राप्त करने के बाद निविदा प्रक्रिया शुरू की जाएगी। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद निर्माण कार्य को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
क्षेत्र को मिलीं दो और बड़ी सौगातें
1.तेलगांवा से बुंदिया चौक तक बनेगी सड़क :-
भैयाथान विकासखंड में तेलगांव मुख्य मार्ग से बरपारा होते हुए बुंदिया चौक तक 5.50 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण को भी स्वीकृति मिली है। इस कार्य पर 5 करोड़ 43 लाख 67 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। सड़क निर्माण से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
2. डुमरिया–केवरा मार्ग के चौड़ीकरण को मंजूरी :-
डुमरिया स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-43 से केवरा तक 18 किलोमीटर लंबे पहुंच मार्ग के चौड़ीकरण कार्य को भी मंजूरी मिल चुकी है। इस परियोजना की कुल लागत 30 करोड़ 41 लाख रुपये बताई गई है। क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से इस मार्ग के चौड़ीकरण की मांग कर रहे थे। स्वीकृति मिलने से मार्ग पर आवागमन को बेहतर बनाने की दिशा में कदम आगे बढ़ा है।
गोबरी नदी पर उच्चस्तरीय पुल, तेलगांव–बुंदिया चौक सड़क और डुमरिया–केवरा मार्ग के चौड़ीकरण की स्वीकृतियों से भैयाथान क्षेत्र में सड़क एवं पुल-पुलियों के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है।