बदहाल सड़क के कारण नहीं पहुंची एंबुलेंस, ग्रामीणों ने खाट से ढोकर पहुंचाया शव…..

 

संचालक :- दीपक गुप्ता…✍️

CG Samachar 24.in

सूरजपुर/ओड़गी। जिले के ओड़गी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परसिया में बदहाल सड़क ने क्षेत्र में विकास के दावों की हकीकत सामने ला दी। सड़क की हालत इतनी खराब है कि घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस की जीप भी कीचड़ में फंस गई। वहीं शव वाहन (एंबुलेंस) भी घटनास्थल तक नहीं पहुंच सका। इसके बाद ग्रामीणों को घाट के रास्ते शव को ढोकर मुख्य मार्ग तक पहुंचाना पड़ा।

जानकारी के अनुसार सहायक आयुक्त ट्राइबल विभाग के निजी वाहन चालक लखन उरांव का शव परसिया गांव में सड़क किनारे गड्ढे में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन घटनास्थल तक पहुंचने वाली सड़क की बदहाली के कारण पुलिस वाहन भी कीचड़ में फंस गया।

बताया गया कि सड़क की स्थिति इतनी खराब थी कि शव वाहन भी घटनास्थल तक नहीं पहुंच सका। ऐसे में ग्रामीणों ने काफी मशक्कत करते हुए घाट के रास्ते शव को ढोकर मुख्य मार्ग तक पहुंचाया। इस पूरे घटनाक्रम ने परसिया क्षेत्र की सड़क व्यवस्था और विकास कार्यों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

शराब के नशे में गड्ढे में गिरने की आशंका :-

पुलिस ने प्रथम दृष्टया आशंका जताई है कि मृतक शराब के नशे में शौच के लिए जाते समय गड्ढे में गिर गया होगा, जिससे उसकी मौत हुई। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ओड़गी थाने में कृष्ण कुमार रवि ने सूचना दर्ज कराई कि मृतक लखनलाल पूजा-पाठ करवाने के लिए परसिया गया था। वापसी के दौरान उसने काफी शराब पी ली थी और ठीक से चल नहीं पा रहा था। इसके बाद उसे वाहन से उतार दिया गया। सुबह उसकी खोजबीन की गई तो गड्ढे में उसका शव मिला।

पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top