पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग को लेकर ABPSS ने खोला मोर्चा , 4PM न्यूज नेटवर्क की महिला पत्रकारों से कथित दुर्व्यवहार की उच्चस्तरीय जांच की मांग, राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन…..

CG Samachar24.in

संचालक :- दीपक गुप्ता….✍️

सूरजपुर। अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति (ABPSS) ने नई दिल्ली में 4PM न्यूज नेटवर्क की महिला पत्रकारों के साथ कथित रूप से हुए दुर्व्यवहार की कड़ी निंदा करते हुए मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। साथ ही देशभर के पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल ‘पत्रकार सुरक्षा कानून’ लागू किए जाने की मांग को लेकर समिति ने मोर्चा खोल दिया है।

इसी मांग को लेकर ABPSS के पदाधिकारियों एवं पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय गृह मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

महिला पत्रकारों से कथित दुर्व्यवहार पर जताई नाराजगी :-

सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि हाल ही में नई दिल्ली में जनहित से जुड़े सवाल पूछने के दौरान 4PM न्यूज नेटवर्क की वरिष्ठ पत्रकार शाहीन खान एवं कैमरा पर्सन नफीसा खान के साथ पुलिस प्रशासन द्वारा कथित तौर पर धक्का-मुक्की, अभद्र व्यवहार और अनुचित बल प्रयोग की घटना सामने आई है।

ABPSS ने इस घटना को पत्रकारिता की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए गंभीर चिंता का विषय बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ :-

समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। जनता से जुड़े सवालों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना पत्रकारों का लोकतांत्रिक दायित्व एवं अधिकार है। ऐसे में पत्रकारों को किसी भी प्रकार के दबाव, भय, राजनीतिक हस्तक्षेप या प्रशासनिक बाधा के बिना स्वतंत्र एवं निर्भीक होकर काम करने के लिए सुरक्षित वातावरण मिलना चाहिए।

ABPSS ने कहा कि समिति वर्ष 2014 से पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार संघर्षरत है और देशभर के मीडियाकर्मियों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कानून की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है।

ज्ञापन में रखी गई प्रमुख मांगें :-

ABPSS ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि—

4PM न्यूज नेटवर्क की महिला पत्रकारों के साथ हुए कथित प्रकरण की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच तय समय-सीमा में कराई जाए।

जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

देशभर के पत्रकारों एवं मीडियाकर्मियों की सुरक्षा की गारंटी के लिए केंद्र सरकार द्वारा तत्काल ‘पत्रकार सुरक्षा कानून’ पारित किया जाए।

पत्रकारों पर होने वाले हमले, धमकी एवं उत्पीड़न के मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष सुरक्षा सेल एवं फास्ट-ट्रैक सुनवाई तंत्र विकसित किया जाए।

पत्रकारों को बिना भय, राजनीतिक दबाव अथवा प्रशासनिक बाधा के जनसरोकार से जुड़े मुद्दे उठाने के लिए सुरक्षित एवं स्वतंत्र वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

ये रहे मौजूद :-

ज्ञापन सौंपने के ABPSS के जिला प्रभारी सुनील अग्रवाल, जिलाध्यक्ष राजेश सोनी, फिरोज अंसारी, सूर्य नारायण, नीरज साहू सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं पत्रकार साथी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top