बड़सरा में खुलेगा नया धान खरीदी केंद्र, किसानों की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी…..

 

CG Samachar24.in

संचालक :- दीपक गुप्ता…✍️

सूरजपुर / भैयाथान। बड़सरा क्षेत्र के किसानों की लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई है। ग्राम बड़सरा में नवीन धान खरीदी केंद्र खोलने की शासन से स्वीकृति मिल गई है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए नवीन धान उपार्जन केंद्र की अनुमति प्रदान की गई है। आगामी खरीफ विपणन वर्षों के लिए भी यह अनुमति प्रभावी रहेगी। इस संबंध में शासन द्वारा 31 अगस्त 2026 को आदेश जारी किया गया है।

स्वीकृति मिलने के बाद मंगलवार को संबंधित समिति प्रबंधक द्वारा ग्रामीणों के साथ प्रस्तावित धान खरीदी केंद्र स्थल का निरीक्षण किया गया। नवीन केंद्र खुलने से बड़सरा सहित आसपास के क्षेत्र के किसानों को धान बेचने के लिए दूर-दराज के उपार्जन केंद्रों पर जाने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।

विधायक एवं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने की थी पहल :-

किसानों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने शासन स्तर पर नवीन धान खरीदी केंद्र खोलने के लिए पहल की थी। बताया जा रहा है कि बड़सरा में धान खरीदी केंद्र की मांग काफी पुरानी है। करीब चार वर्ष पहले भी ग्रामीणों ने बड़सरा में धान उपार्जन केंद्र खोलने की मांग प्रमुखता से उठाई थी।

हालांकि, इसके बाद धान उपार्जन केंद्र बड़सरा के बजाय कुरीडीह में खोला गया था। इससे असंतुष्ट ग्रामीणों ने कुरीडीह के स्थान पर शिवप्रसाद नगर उपार्जन केंद्र में अपना धान बेचने का निर्णय लिया था।

अब बड़सरा में ही होगी धान खरीदी :-

शासन से स्वीकृति मिलने के बाद अब बड़सरा में ही नवीन धान खरीदी केंद्र शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। इससे क्षेत्र के किसानों को धान बेचने के लिए दूसरे केंद्रों तक लंबी दूरी तय करने से राहत मिलेगी और समय एवं परिवहन खर्च की भी बचत होगी।

स्वीकृति के बाद आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के प्रबंधक शोहराब अंसारी ने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील साहू, सरपंच जगनारायण सिंह, सोनू जायसवाल, रमेश यादव , प्रीतम दुबे , अजय चक्रधारी, अरबिंन्द साहू , दिलेश्वर साहू  सहित ग्रामीण मौजूद रहे।

नवीन धान खरीदी केंद्र की स्वीकृति मिलने से बड़सरा क्षेत्र के किसानों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने शासन एवं संबंधित जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top