सूरजपुर। श्रावण मास के पावन अवसर पर खुटरापारा गोबरी नदी से 10वें वर्ष भव्य कांवड़ पदयात्रा निकाली गई। स्थानीय जनपद सदस्य राजू कुमार गुप्ता के माध्यम से पिछले 10 वर्षों से आयोजित हो रही इस कांवड़ यात्रा में आसपास की पंचायतों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस वर्ष करीब 1000 श्रद्धालुओं ने कांवड़ यात्रा में शामिल होकर भगवान भोलेनाथ के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
कांवड़ियों ने गोबरी नदी के पवित्र जल से कांवड़ भरकर यात्रा प्रारंभ की। यात्रा के दौरान सबसे पहले सिद्ध बाबा शिवलिंग में प्रथम जल तथा इसके बाद ओंकारेश्वर बाबा शिवलिंग में द्वितीय जल श्रद्धापूर्वक अर्पित किया गया।
पूरी यात्रा के दौरान झमाझम बारिश होती रही, लेकिन बारिश भी शिवभक्तों के उत्साह और आस्था को डिगा नहीं सकी। कांवड़िये “बम-बम भोले” और “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ आगे बढ़ते रहे। भगवान शिव का जलाभिषेक कर श्रद्धालुओं ने क्षेत्र में सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और उन्नति की कामना की।
यात्रा मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं एवं भक्तजनों द्वारा जलपान की व्यवस्था कर कांवड़ियों का स्वागत और सेवा की गई। यात्रा के समापन अवसर पर सभी श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन भी किया गया।
आयोजन में राज सिंह, संतोष सिंह, मदनेश्वर साहू, कृष्णा सिंह, अभय प्रताप सिंह, इंद्रावती राजवाड़े, शशिलता सिंह, शांतनु सिंह, नीरज सिंह, अनिल सिंह, मनीष, दीपक साहू, नरेन्द्र राजवाड़े, मनोज गुप्ता, शिवकुमार रजक, संतोष साहू, कृष्णा यादव, हरिशंकर यादव, बृजेश्वर यादव, ललन साहू, दुर्गा चक्रधारी, देवप्रसाद यादव, मनोज यादव, दीपनारायण साहू, राजेश गुप्ता, जयकम देवांगन, राजू यादव, विष्णु साहू, अशोक गुप्ता, ज्ञानेश्वर साहू, मानिक यादव, कौशल यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।