भैयाथान। पुलिस अधीक्षक के प्रशासनिक आदेश के तहत उपनिरीक्षक सरफराज अहमद ने झिलमिली थाना प्रभारी का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। इससे पहले वे खड़गवां चौकी प्रभारी के पद पर पदस्थ थे।
उन्होंने पूर्व थाना प्रभारी नसीमुद्दीन खान का स्थान लिया है, जिनका तबादला बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में हो गया है।
कार्यभार संभालने के बाद थाना प्रभारी सरफराज अहमद ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निराकरण करना होगा।
उन्होंने नशे के अवैध कारोबार, मादक पदार्थों की तस्करी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। साथ ही आमजन से पुलिस का सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की, ताकि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून का प्रभावी पालन सुनिश्चित किया जा सके।