लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल, रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग….
CG Samachar24.in
संचालक : दीपक गुप्ता ✍️
सूरजपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम सोनपुर के यादवपारा में एक ही रात में हुई चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। अज्ञात चोरों ने घरों के सामने लगे मोटर पंपों के विद्युत वायर चोरी कर लिए। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
ग्राम सोनपुर निवासी कौशलेन्द्र यादव ने बताया कि 31 जुलाई की रात उनके घर के सामने लगे मोटर पंप से लगभग 120 मीटर विद्युत वायर चोरी हो गया। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई, जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन अपराधियों में पुलिस का कोई भय दिखाई नहीं दे रहा है। उनका आरोप है कि नियमित एवं प्रभावी रात्रि गश्त के अभाव में चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि जरूरत के समय पुलिस अधिकारियों से त्वरित संपर्क स्थापित करना आसान नहीं रह गया है। ग्रामीणों का मानना है कि आपात स्थिति में तत्काल संवाद और समय पर पुलिस की उपलब्धता कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अत्यंत आवश्यक है। सूचना तंत्र मजबूत होने पर ऐसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
गौरतलब है कि हाल ही में नए थाना प्रभारी ने कोतवाली का कार्यभार संभाला है। ऐसे में पदभार ग्रहण करने के शुरुआती दिनों में ही लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से क्षेत्र में नियमित रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, सक्रिय चोर गिरोह का शीघ्र खुलासा करने तथा चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।