प्रेमी को बुलाने की जिद में वायरलेस टावर पर चढ़ी युवती, दो घंटे चला हाई-वोल्टेज ड्रामा, पुलिस ने सुरक्षित उतारा….

 

CG Samachar 24.in

संचालक :- दीपक गुप्ता….✍️

सूरजपुर :- जिले के बिहारपुर थाना परिसर में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 18 वर्षीय एक युवती अचानक थाना परिसर में स्थित वायरलेस टावर पर चढ़ गई। युवती अपने प्रेमी को बुलाने की मांग पर अड़ गई और चेतावनी दी कि यदि उसकी बात नहीं मानी गई तो वह टावर से कूद जाएगी। इस घटना से करीब दो घंटे तक थाना परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

जानकारी के अनुसार, बिहारपुर के कोलसोपारा निवासी 18 वर्षीय आरती कोल अपने परिजनों के साथ किसी कार्य से बिहारपुर थाने पहुंची थी। इसी दौरान उसने परिजनों और पुलिस की नजर बचाकर वायरलेस टावर पर चढ़ गई। टावर पर पहुंचने के बाद वह लगातार अपने प्रेमी को बुलाने की मांग करती रही और नीचे उतरने से इनकार कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सहित पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और युवती को समझाने का प्रयास शुरू किया। परिजन भी उसे लगातार नीचे उतरने की अपील करते रहे, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही। इस दौरान थाना परिसर के बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और हर किसी की नजर टावर पर टिकी रही।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए। किसी भी संभावित दुर्घटना से बचाव के लिए टावर के नीचे गद्दे और सुरक्षा जाल बिछाए गए। वहीं लाउडस्पीकर के माध्यम से पुलिस और परिजन लगातार युवती से शांत होकर नीचे उतरने की अपील करते रहे।

काफी देर तक समझाइश के बाद भी जब युवती नहीं मानी, तब पुलिस ने सावधानीपूर्वक टावर पर चढ़कर उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। युवती के सुरक्षित नीचे आने के बाद थाना परिसर में मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और पुलिस की मुस्तैदी की सराहना की

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top