सूरजपुर / भैयाथान :- लोगों की सुविधा के लिए बनाई गई नाली अब ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। भैयाथान विकासखंड के ग्राम कोयलारी में पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा नाली का निर्माण तो कराया गया, लेकिन समय पर सफाई और रखरखाव नहीं होने से नाली जगह-जगह जाम हो गई है। इसके चलते गंदा पानी सड़क पर बहने के साथ-साथ ग्रामीणों के घरों और बाड़ियों तक पहुंच रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि नाली निर्माण के बाद से आज तक इसकी समुचित सफाई नहीं कराई गई। समस्या को लेकर विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन न तो अधिकारी मौके पर पहुंचे और न ही समस्या का समाधान किया गया।
समाधान नहीं मिलने पर ग्राम के संत कुमार दुबे, विकास दुबे एवं अंबिका दुबे ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कर नाली की सफाई और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत दर्ज हुए काफी समय बीत जाने के बाद भी आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार आम लोगों की शिकायतों के त्वरित निराकरण का दावा करती है, लेकिन कोयलारी गांव में शिकायत के बावजूद अधिकारियों का मौके पर नहीं पहुंचना इन दावों पर सवाल खड़े करता है।
घरों के आसपास गंदा पानी जमा होने से ग्रामीणों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। बारिश के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर होने की आशंका बनी हुई है। लगातार हो रही परेशानी से नाराज ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र नाली की सफाई कर जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो वे आंदोलन करने के लिए विवश होंगे।