सूरजपुर । जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम छिंदिया में एक 50 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। घटना के बाद पूरे परिवार में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार ग्राम छिंदिया निवासी विमला (50 वर्ष), पति प्रकाश, मंगलवार को मितानिनों की बैठक में शामिल होकर घर लौटी थीं। कुछ समय बाद जब उनकी बड़ी बेटी साप्ताहिक बाजार से घर पहुंची तो उसने मां को अचेत अवस्था में देखा। परिजनों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामानुजनगर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले उनकी छोटी बेटी का भी निधन हो गया था, जिसके बाद से विमला गहरे सदमे में थीं और अधिकांश समय उदास एवं गुमसुम रहती थीं। आशंका जताई जा रही है कि मानसिक आघात के कारण उन्होंने यह कदम उठाया।
घटना की सूचना मिलते ही रामानुजनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा सहित आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।