बाघ की खाल और पैंगोलिन के शल्क की तस्करी का भंडाफोड़, तीन तस्कर गिरफ्तार…..

CG Samachar24.in

संचालक : दीपक गुप्ता…. ✍️

सूरजपुर। वर्ल्ड वाइल्ड लाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो (डब्ल्यूसीसीबी) सेंट्रल रीजन भोपाल और वन विभाग सूरजपुर की संयुक्त कार्रवाई में बाघ की खाल एवं पैंगोलिन के शल्क की तस्करी का बड़ा मामला उजागर हुआ है। संयुक्त टीम ने ओड़गी-भैयाथान मार्ग पर घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से बाघ की खाल, पैंगोलिन के शल्क तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

डीएफओ डी.पी. साहू ने बताया कि 27 जुलाई को डब्ल्यूसीसीबी सेंट्रल रीजन भोपाल से सूचना मिली थी कि सूरजपुर क्षेत्र में बाघ की खाल और अन्य वन्यजीव अवशेषों की तस्करी होने वाली है। सूचना मिलते ही वन विभाग और डब्ल्यूसीसीबी की दो संयुक्त टीमें गठित की गईं। एक टीम को सूरजपुर तथा दूसरी को कुदरगढ़ क्षेत्र में तैनात किया गया।

ग्राम बैजनाथपुर के पास ओड़गी-भैयाथान मार्ग पर घेराबंदी के दौरान बाइक क्रमांक CG 15 DN 7494 पर सवार तीन संदिग्धों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास से बाघ की खाल और पैंगोलिन के शल्क बरामद हुए। इसके बाद सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर जब्ती की कार्रवाई की गई। 28 जुलाई को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया तथा बुधवार को न्यायालय में पेश करने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी :-

– टिकेश्वर प्रसाद राजवाड़े (38 वर्ष), निवासी धरसीवां नवापारा, थाना ओड़गी।
– भूखन लाल पंडो (56 वर्ष), निवासी आमापानी, भंवरखोह।
– गरीबलाल (58 वर्ष), निवासी आमापानी, भंवरखोह।

डीएफओ ने बताया कि इस कार्रवाई में वन विभाग अंबिकापुर एवं वन परिक्षेत्र कुदरगढ़ की टीम भी शामिल रही। प्रारंभिक पूछताछ में इस तस्करी नेटवर्क में अन्य लोगों के शामिल होने की आशंका जताई गई है। मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top