सूरजपुर :- जिले के प्रतापपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत परमेश्वरपुर के घने जंगल में झोपड़ी बनाकर रह रहे 58 वर्षीय ग्रामीण की हाथी के हमले में दर्दनाक मौत हो गई। देर रात एक दंतैल हाथी ने झोपड़ी को तोड़ना शुरू किया। तेज आवाज से ग्रामीण की नींद खुली और उसने जान बचाने के लिए भागने का प्रयास किया, लेकिन हाथी ने उसे सूंड में लपेटकर जमीन पर पटक दिया और पैरों से कुचल दिया। घटना में ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान ओड़गी ब्लॉक के ग्राम खड़ली निवासी संधारी पंडो के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के खरसोता क्षेत्र अंतर्गत परमेश्वरपुर जंगल में मुख्य मार्ग से करीब तीन किलोमीटर अंदर झोपड़ी बनाकर रह रहा था।
रात करीब 3:00 बजे झोपड़ी के पास पहुंचा दंतैल हाथी :- जानकारी के अनुसार, शनिवार तड़के करीब 3:00 बजे एक दंतैल हाथी संधारी पंडो की झोपड़ी के पास पहुंचा और उसे तोड़ना शुरू कर दिया। तेज आवाज सुनकर संधारी की नींद खुली। उसने बाहर निकलकर भागने की कोशिश की, लेकिन हाथी ने उस पर हमला कर दिया। हाथी ने उसे सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया और फिर पैरों से कुचल दिया।
सुबह जंगल की ओर से गुजर रहे ग्रामीणों ने शव देखकर वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
वन विभाग ने पहले ही जारी किया था नोटिस :- वन विभाग के अनुसार, घटनास्थल हाथियों के नियमित विचरण क्षेत्र में आता है। प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के रेंजर उत्तम मिश्रा ने पत्रकारों को बताया कि मृतक वनभूमि पर झोपड़ी बनाकर रह रहा था। विभाग की ओर से अतिक्रमण हटाने के लिए पहले ही नोटिस जारी किया गया था, लेकिन झोपड़ी नहीं हटाई गई।
वन विभाग ने मृतक के परिजनों को 25 हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की है। वहीं, नियमानुसार शेष मुआवजा राशि के लिए प्रकरण तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।