दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था बालक, डर के कारण दोस्तों ने परिजनों को नहीं दी सूचना
CG Samachar24.in
संचालक :- दीपक गुप्ता….✍️
सूरजपुर :- जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कुंजनगर निवासी 10 वर्षीय बालक की घुनघुट्टा नदी में डूबने से मौत हो गई। बालक शनिवार शाम अपने दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था। नदी में तेज बहाव होने के कारण वह पानी में बह गया। घटना के बाद उसके दोस्त डर के कारण घर लौट आए और उन्होंने परिजनों को इसकी जानकारी नहीं दी।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत कुंजनगर निवासी 10 वर्षीय योगेंद्र राजवाड़े, पिता देवधन राजवाड़े, शनिवार शाम करीब 5 बजे साइकिल लेकर घर से निकला था। वह अपने दो दोस्तों के साथ घूमते हुए ग्राम पंचायत हर्राटिकरा स्थित घुनघुट्टा नदी के किनारे पहुंचा। यहां उसने साइकिल खड़ी की और कपड़े उतारकर नदी में नहाने के लिए कूद गया।
नदी में तेज बहाव होने के कारण योगेंद्र तैरकर बाहर नहीं निकल सका और पानी में बह गया। घटना को देखकर उसके दोनों दोस्त डर के कारण घर लौट गए, लेकिन उन्होंने इस संबंध में परिजनों को कोई जानकारी नहीं दी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई साइकिल और कपड़ों की तस्वीर :- कुछ देर बाद गांव का ही एक युवक घुनघुट्टा नदी के पास से गुजर रहा था वहां सायकिल और कपड़े पड़े देखकर उसे किसी अनहोनी की आशंका हुई उसने सायकिल और कपड़े की तस्वीर खींचकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी बाद मे सायकिल और कपड़ें की पहचान योगेंद्र के रुप मे हुई ।
सूचना मिलते ही बालक के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और जयनगर पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से बालक की तलाश शुरू की, लेकिन शनिवार रात तक उसका कोई पता नहीं चल सका।
रविवार को सुबह मिला शव :- रविवार सुबह बालक की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया गया। इसी दौरान घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर नदी में योगेंद्र का शव बरामद हुआ। आशंका जताई जा रही है कि नदी के तेज बहाव में बहने के कारण उसका शव रातभर में करीब आधा किलोमीटर दूर तक पहुंच गया।
बालक का शव देखकर माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद परिजनों ने बालक का अंतिम संस्कार कर दिया।