सूरजपुर :- जिले के भैयाथान थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जमड़ी निवासी 49 वर्षीय सत्यप्रकाश दुबे की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वे हमेशा हेलमेट पहनकर बाइक चलाते थे, लेकिन हादसे के दिन उनका हेलमेट पेट्रोल पंप में ही छूट गया था। इसके कुछ देर बाद ही तेज रफ्तार और कथित रूप से नशे में धुत बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, सत्यप्रकाश दुबे रविवार को अपने एक परिचित के पेट्रोल पंप के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने रामानुजनगर पहुंचे थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे ग्राम केशवपुर निवासी अपने रिश्तेदार के घर जाने के लिए बुलेट बाइक से रवाना हुए।
दोपहर करीब 3:00 बजे ग्राम त्रिपुरेश्वरपुर के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रहे बाइक सवार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद सत्यप्रकाश दुबे सिर के बल सड़क पर जा गिरे और उन्हें गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 की टीम को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें रामानुजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालांकि, उपचार के दौरान कुछ देर बाद ही उनकी मौत हो गई।
सड़क हादसे में मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। शव देखते ही परिवार में मातम पसर गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
पेट्रोल पंप में ही छूट गया था हेलमेट :- बताया जा रहा है कि सत्यप्रकाश दुबे बेहद शालीन और जिम्मेदार व्यक्ति थे। वे बाइक चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनते थे और भैयाथान से रामानुजनगर तक भी हेलमेट पहनकर ही पहुंचे थे। लेकिन पेट्रोल पंप के उद्घाटन कार्यक्रम के बाद रिश्तेदार के घर जाते समय उनका हेलमेट पेट्रोल पंप में ही छूट गया।
सत्यप्रकाश दुबे भारद्वाज पब्लिक स्कूल के संचालक भी थे। उनकी आकस्मिक मौत से परिजन, परिचितों और पूरे गांव में शोक का माहौल है।