जमीन विवाद में वारदात का आरोप, 10–15 युवकों पर अपहरण और मारपीट का आरोप…..
CG Samachar 24.in
संचालक :- दीपक गुप्ता….✍️
सूरजपुर :- जिले के प्रतापपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम गोंदा में एक युवक का अपहरण कर बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक की मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात मौत हो गई।
मृतक की पहचान ग्राम गोंदा निवासी हरिनंदन राजवाड़े, पिता स्व. रामप्रसाद राजवाड़े, उम्र 36 वर्ष के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक 23 जुलाई की दोपहर अंबिकापुर निवासी उसके दो दोस्त तुषार और राहुल हरिनंदन के घर पहुंचे थे। इसके बाद हरिनंदन उन्हें लेकर गांव के ही राजेंद्र प्रसाद के घर गया, जहां चारों कथित रूप से पार्टी कर रहे थे।
इसी दौरान गांव के ही ललित को इसकी जानकारी मिली। आरोप है कि वह अपने 10–15 साथियों के साथ वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए हरिनंदन को जबरन चारपहिया वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गया।
जब राजेंद्र ने हरिनंदन के बड़े भाई बमभोला को घटना की जानकारी दी तो परिजन व अन्य लोग उसकी तलाश में निकल पड़े। काफी खोजबीन के बाद हरिनंदन भैंसामुंडा से लगे ग्राम केवरा चौक के पास सड़क किनारे बेहोशी की हालत में मिला। उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे और खून बह रहा था।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम :- गंभीर रूप से घायल हरिनंदन को परिजन व दोस्त मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया। हालांकि, देर रात करीब 2 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर परिजनों का बयान दर्ज किया। आज शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जमीन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा मामला :– परिजनों के अनुसार, मृतक हरिनंदन का गांव के ही ललित से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। करीब 15 दिन पूर्व भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के चलते युवक के साथ मारपीट की गई।
पुलिस ने परिजनों का बयान दर्ज कर मामले को संबंधित थाने को भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।