Headlines

48 घंटे में तीन आत्महत्याओं से दहला चांदनी-बिहारपुर क्षेत्र….

दो अलग-अलग गांवों में तीन युवाओं ने पेड़ पर फांसी लगाकर दी जान….

दो माह पहले दुल्हन बनी थी 18 वर्षीय युवती…..

26 वर्षीय युवक ने भी दी जान….

12वीं कक्षा का 19 वर्षीय छात्र ने भी फांसी लगाकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली….

तीनों मामलों में आत्महत्या का कारण अब तक अज्ञात , तीनों परिवारों में पसरा मातम….

दो अलग-अलग गांवों में 3 युवाओं की मौत, पुलिस जांच में जुटी….

CG Samachar 24.in

संचालक :- दीपक गुप्ता….. ✍️

सूरजपुर :- जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र चांदनी-बिहारपुर थाना क्षेत्र में महज 48 घंटे के भीतर तीन युवाओं द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटनाओं से इलाके में सनसनी फैल गई है। दो अलग-अलग गांवों में हुई इन घटनाओं में 18 वर्षीय नवविवाहिता, 26 वर्षीय युवक और 19 वर्षीय 12वीं कक्षा के छात्र की मौत हुई है।
तीनों के शव अलग-अलग स्थानों पर पेड़ से लटके मिले। घटनाओं की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस द्वारा सभी मामलों की जांच की जा रही है। हालांकि, अब तक तीनों घटनाओं के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

दो माह पहले हुई थी युवती की शादी :- पहली घटना चांदनी-बिहारपुर थाना क्षेत्र के मोहरसोप चौकी अंतर्गत ग्राम उमझर की बताई जा रही है। यहां 18 वर्षीय गीता सिंह का शव गांव में ही एक पेड़ से लटका मिला।
बताया जा रहा है कि गीता की शादी करीब दो माह पहले ही हुई थी। नवविवाहिता द्वारा इतना बड़ा कदम उठाए जाने की खबर से ग्रामीणों में भी हैरानी है। घटना के पीछे क्या कारण रहा, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

26 वर्षीय युवक का पेड़ पर लटकते मिला शव :- दूसरी घटना भी इसी क्षेत्र से सामने आई है। ग्राम लांजित में 26 वर्षीय सुनील पनिका का शव पेड़ पर लटका मिला।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इस संबंध में फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

12वीं कक्षा के छात्र की मौत :- तीसरी घटना चांदनी – बिहारपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत खोहिर की है। यहां 19 वर्षीय रंगबली सिंह, जो 12वीं कक्षा का छात्र था, का शव भी गांव में पेड़ से लटका मिला।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार, छात्र की मानसिक स्थिति पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं थी। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की जांच अभी जारी है।

तीन परिवारों में पसरा मातम :- एक ही थाना क्षेत्र में करीब 48 घंटे के भीतर तीन युवाओं की मौत की घटनाओं से ग्रामीण क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। लगातार सामने आई इन घटनाओं से ग्रामीण भी हैरान हैं।
तीनों घटनाओं में पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों के चलते तीनों ने इतना बड़ा कदम उठाया। घटनाओं के बाद तीनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस जांच के बाद ही इन घटनाओं के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top