Headlines

जमीन विवाद – दो पोतों ने मिलकर की दादा की हत्या पहले किया ट्रैक्टर से कुचलने का असफल प्रयास फिर चाकु मारकर कर दी हत्या…..

CG Samachar 24.in

संचालक :- दीपक गुप्ता….✍️

सूरजपुर :- जिले में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। लंबे समय से चले आ रहे भूमि विवाद में 60 वर्षीय वृद्ध की उसके ही 2 पोतों द्वारा चाकू से हत्या कर दी गई। घटना के दौरान वह कोर्ट से लौट रहा था। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि पोतों ने पहले अपने दादा को ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश की थी, इसमें वे नाकाम हो गए तो चाकू से प्रहार कर हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों भाग निकले थे, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से सूरजपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मृतक की पहचान बरन राम राजवाड़े निवासी ग्राम पीढ़ा के रूप में हुई है।

जिले के ग्राम पीढ़ा निवासी बरन राम राजवाड़े का अपने पोतों योग्यता राजवाडे उम्र 25 वर्ष व रोहित राजवाड़े उम्र 22 वर्ष के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार को दोनों पक्ष किसी मामले की सुनवाई के सिलसिले में सूरजपुर जिला न्यायालय पहुंचे थे। पेशी के बाद सभी लोग अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पर्री गांव के पास आरोपियों ने अपने दादा पर हमला कर दिया।

आरोप है कि बड़े नाती ने पहले ट्रैक्टर से अपने दादा को कुचलने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। इसके बाद दूसरे नाती ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे वृद्ध गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल बचाने का प्रयास किया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई।

दोनों आरोपी गिरफ्तार :- घटना के बाद दोनों आरोपी भागने लगे। इस दौरान ग्रामीणों ने पीछा कर एक आरोपी नाती को पकड़ लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं कुछ देर बाद दूसरे आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है तथा आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top