Headlines

900 सीढ़ी चढने के बाद हो गई श्रद्धालु की मौत पुलिस ने जताई हार्टअटैक की आशंका पोस्टमार्टम रिपोर्ट मे होगा खुलासा……

CG Samachar 24.in

संचालक :- दीपक गुप्ता…..✍️

सूरजपुर :- जिले में स्थित प्रसिद्ध माँ कुदरगढ़ देवी धाम में दर्शन के लिए पहुंचे एक श्रद्धालु की अचानक मौत से हडकंप मच गया। भीषण गर्मी और लंबी चढ़ाई के बीच 900 सीढिय़ां पार करते ही श्रद्धालु की सांस थम गई। मृतक की पहचान कोरिया जिले के निवासी फूल सिंह के रूप में हुई है। वे अपने परिवार के साथ मां बागेश्वरी देवी के दर्शन के लिए कुदरगढ़ धाम पहुंचे थे। परिवार के अनुसार दर्शन के दौरान सब कुछ सामान्य था, लेकिन उनके साथ इतना बड़ा हादसा हो जाएगा, उन्हें इसका अंदाजा भी नहीं था।

बताया जा रहा है कि फूल सिंह मंदिर तक पहुंचने के लिए करीब 900 सीढियां चढ़ रहे थे। रास्ते में एक स्थान पर वे पीछे छूटे कुछ परिजनों का इंतजार करने के लिए रुके थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबियत बिगड़ गई और वे मंदिर के पास ही बेहोश होकर गिर पड़े।

यह देख मंदिर के बैगा और स्थानीय लोगों ने मदद की कोशिश की। परिजन ने भी आसपास के श्रद्धालुओं को बुलाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। प्राथमिक प्रयासों के बावजूद फूल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही कुदरगढ़ चौकी पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को पीएम के लिए भेजा।

पुलिस अधिकारियों ने भीषण गर्मी और चढ़ाई के दौरान चक्कर आने से हार्ट अटैक की आशंका जताई है। एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैकरा के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

कुदरगढ़ के व्यवस्थाओं पर बड़ा सवाल…? :- सबसे चिंताजनक बात यह है कि पिछले 10 दिनों के भीतर कुदरगढ़ धाम में यह दूसरी मौत है। इससे पहले एक 19 वर्षीय युवक की गिरने से जान चली गई थी। इसके बावजूद धाम परिसर में पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाए एंबुलेंस या आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था अब तक नजर नहीं आ रही है।

इस तरह की घटनाओं के बीच रोपवे का निर्माण कार्य जल्द कराने की मांग की गई है। तेज गर्मी के बीच सैकड़ों सीढिय़ां चढक़र दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह मार्ग बेहद कठिन साबित हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top