गौ सेवा सम्मान आह्वान अभियान के तहत निकली रैली…..
CG Samachar24.in
संचालक :-दीपक गुप्ता….✍️
सूरजपुर / भैयाथान :- भारतीय संत समाज के आह्वान पर गौ संरक्षण एवं सम्मान हेतु राष्ट्रीय स्तर पर कानून बनाने की मांग को लेकर भैयाथान ब्लॉक में व्यापक जनअभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों से प्रत्येक परिवार के वयस्क सदस्यों के हस्ताक्षर एकत्रित किए गए। अभियान के तहत 5000 हस्ताक्षरों से युक्त प्रार्थना पत्र तैयार कर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल के नाम प्रेषित किया गया। गो सम्मान आह्वान अभियान के तहत आयोजित रैली की शुरुआत सलका स्थित शिव मंदिर प्रांगण से हुई। इसके बाद गायत्री मंदिर भैयाथान में एकत्रीकरण कर श्रद्धालुओं ने नगर भ्रमण किया। संकीर्तन एवं भक्ति भाव के साथ निकली इस रैली में बड़ी संख्या में गौ भक्तों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। पूरे मार्ग में गो माता के सम्मान में नारे लगाए गए

और लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया।
रैली तहसील कार्यालय पहुंची ।

जहां सभी गो सेवकों ने तहसीलदार उमेश कुशवाहा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में देशभर में गो हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा गो माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने की प्रमुख मांग रखी गई।

इस अवसर पर उपस्थित गौ सेवकों एवं नागरिकों ने कहा कि यह अभियान भारतीय संस्कृति, आस्था और परंपराओं की रक्षा का प्रतीक है। आयोजकों ने भविष्य में भी इस जनसमर्थन को निरंतर बनाए रखने और अभियान को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।
