सूरजपुर। खेत में सिंचाई के लिए लगाए गए सोलर पैनल का केबल चोरी करने पहुंचे दो युवकों की योजना उस समय विफल हो गई, जब खेत मालिक की नजर उन पर पड़ गई। खेत मालिक ने एक युवक को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने उसके साथी को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों से चोरी की कई वारदातों का खुलासा हुआ।
मामला ग्राम सुन्दरपुर का है। गांव निवासी छक्केलाल सिंह ने बसदेई चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी कि रेड नदी के किनारे स्थित उनके खेत-बगान में सिंचाई के लिए सोलर पैनल, 3 एचपी का मोटर पंप और केबल लगाया गया है। 28 अगस्त को जूर निवासी नजीर अंसारी और रगदा निवासी अंकित तिवारी मोटरसाइकिल से खेत पहुंचे थे।
पुलिस के अनुसार, नजीर अंसारी सोलर पैनल का केबल काटने लगा, जबकि अंकित तिवारी कुछ दूरी पर खड़े होकर आसपास की गतिविधियों पर नजर रख रहा था। इसी दौरान खेत मालिक की नजर दोनों पर पड़ गई। उन्होंने नजीर को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद बसदेई चौकी में अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
पूछताछ में कई चोरी की वारदातों का खुलासा :-
पुलिस अधीक्षक आईपीएस योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ की। पूछताछ में नजीर अंसारी ने बताया कि वह अंकित तिवारी के साथ मिलकर पहले भी सोलर पैनल के केबल चोरी कर चुका है। जांच में सुन्दरपुर के अलावा खोपा और करंजी क्षेत्र में केबल चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हुआ।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने मलगा पुलिया के पास एक घर से कांसा और पीतल के बर्तन भी चोरी किए थे। चोरी किए गए सामान को सूरजपुर के तीन लोगों को बेचने की बात भी पूछताछ में सामने आई है।
साप्ताहिक बाजार से चोरी की थीं दो मोटरसाइकिल :-
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दोनों आरोपियों ने करीब एक माह पहले सूरजपुर के साप्ताहिक बाजार से दो होंडा साइन मोटरसाइकिल भी चोरी की थीं। एक मोटरसाइकिल अंकित तिवारी ने अपने घर में छिपाकर रखी थी, जबकि दूसरी नजीर अंसारी के पास थी और वह उसका इस्तेमाल कर रहा था।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दोनों चोरी की मोटरसाइकिल, मिनी कटर और लोहे का रॉड बरामद किया। जांच में दोनों के मिलकर वारदातों को अंजाम देने की पुष्टि होने पर मामले में संबंधित धाराएं बढ़ाई गईं।
पुलिस ने नजीर अंसारी पिता वारिस अंसारी, उम्र 28 वर्ष, निवासी जूर दमकोडयापारा तथा अंकित तिवारी पिता स्व. अयोध्या तिवारी, उम्र 28 वर्ष, निवासी रगदा को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
पहले से भी दर्ज हैं मामले :-
पुलिस के मुताबिक नजीर अंसारी के खिलाफ बसदेई चौकी सहित जिले के अन्य थानों में चोरी समेत अलग-अलग धाराओं में पांच मामले पहले से दर्ज हैं। इनमें बसदेई चौकी के अपराध क्रमांक 450/26, 451/2026 और 121/26 के अलावा थाना पटना, जिला कोरिया का वर्ष 2019 का मामला तथा थाना प्रतापपुर का वर्ष 2024 का प्रकरण शामिल है।
वहीं, अंकित तिवारी के खिलाफ भी बसदेई चौकी में दो मामले दर्ज हैं। इनमें अपराध क्रमांक 497/2026 में बीएनएस की धाराओं के तहत तथा अपराध क्रमांक 210/2026 में आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी।
इस पूरी कार्रवाई में बसदेई चौकी प्रभारी योगेन्द्र जायसवाल एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।