सूरजपुर / भैयाथान। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी सावन के पावन अवसर पर श्री सिद्धेश्वरनाथ महादेव एवं ओंकारेश्वर महादेव के जलाभिषेक के लिए 17 अगस्त को कांवड़ियों की टोली रवाना होगी। यात्रा को लेकर व्यापक तैयारियां लगभग पूर्णता की ओर हैं।
17 अगस्त को प्रातः 8 बजे गंगौटी शिव मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद कांवड़ियों की टोली खुटरापारा स्थित गोबरी नदी (श्री गणेश उत्पन्न स्थल) पहुंचेगी, जहां से कांवड़ में पवित्र जल भरकर शिवभक्त पदयात्रा पर रवाना होंगे।
श्रावण मास के अवसर पर आयोजित इस कांवड़ पदयात्रा का आयोजन श्री सिद्ध बाबा बोल बम समिति द्वारा किया जा रहा है। समिति के सदस्यों ने यात्रा मार्ग सहित श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की रणनीति तैयार की है। कांवड़ यात्रियों के लिए पूरे यात्रा मार्ग में जलपान एवं भंडारे की व्यवस्था भी की गई है।
पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश :-
कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर हाल ही में गंगौटी शिव मंदिर परिसर में समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक के बाद पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मंदिर परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।
गोबरी नदी से जल उठाने के बाद कांवड़ यात्री सबसे पहले श्री सिद्धेश्वरनाथ शिवलिंग पर जल अर्पित करेंगे। इसके बाद ओंकारेश्वर शिवलिंग, गंगौटी में जलाभिषेक किया जाएगा।
कांवड़ यात्रा में ग्राम पंचायत गंगौटी, डबरीपारा, बांसापारा, शिवपुर, खुटरापारा एवं भंवराही सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल होंगे। श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के जयघोष के साथ “बोल बम” का नारा लगाते हुए कांवड़ यात्रा में शामिल होंगे।
CG Samachar 24.in को यह जानकारी मधनेश्वर साहू ने दी ।