मक्का लोड़ खड़ी ट्रक से टकराकर तीन मोटरसाइकिल सवारो की दर्दनाक मौत , एक की हालत नार्जुक…….

CG Samachar24.in

संचालक :-दीपक गुप्ता….✍️

सूरजपुर :- जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत शिवपुर में बीती रात लापरवाही और काल के क्रूर मेल ने तीन घरों के चिराग हमेशा के लिए बुझा दिए। सड़क पर यमराज बनकर खड़े एक मक्का लोड ट्रक से टकराकर मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक जिंदगी और मौत के बीच अस्पताल में जंग लड़ रहा है।

इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने आरोपी ट्रक को आग के हवाले कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना की पटकथा पहले ही लिखी जा चुकी थी। मक्का से लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने पहले एक कार को जोरदार टक्कर मारी। हादसे के बाद खौफजदा ट्रक चालक वाहन को सड़क के बीचो-बीच लावारिस हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गया। अंधेरे और सड़क पर अचानक खड़े इस डेथ ट्रैप से अनजान एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर चार युवक वहां से गुजर रहे थे। रफ्तार और अचानक सामने आए अवरोध के कारण मोटरसाइकिल सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी।

बताया जाता है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए। तीन युवकों ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और गंभीर रूप से घायल चौथे युवक को मलबे से निकालकर अस्पताल भिजवाया।

हादसे की खबर फैलते ही शिवपुर इलाके में कोहराम मच गया। बेगुनाह युवकों की मौत से गुस्साए सैकड़ों ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। आक्रोश इस कदर भड़का कि भीड़ ने सड़क पर खड़े उस काल बने ट्रक को आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते ट्रक धूं-धूं कर जलकर खाक हो गया।

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रतापपुर पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने सूझबूझ से काम लेते हुए बश्किल ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और हालात को नियंत्रण में लिया।

इधर मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रतापपुर पुलिस ने अज्ञात फरार ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है और जल्द ही वह सलाखों के पीछे होगा।
इस दिल दहला देने वाले हादसे ने एक बार फिर सड़कों पर लावारिस खड़े होने वाले भारी वाहनों और पुलिस की नाइट पेट्रोलिंग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top