Headlines

दो बोरी मे बंधा मिला शव पुलिस शिनाख्त मे जुटी….

CG Samachar24 . in

संचालक :- दीपक गुप्ता….✍️

सूरजपुर :- जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तिवरागुड़ी के सरनापारा में बीते शुक्रवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने एक बिजली खंभे के पास दो बोरी में बंधा हुआ एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही रामानुजनगर पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने बोरे को खोलकर देखा और जांच की तो मृतक के सिर पर गहरे चोट के निशान मिले। इससे प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस व लोगों का कहना है कि हत्या कहीं और कर शव यहां फेंका गया है। मृतक की 12 घंटे बाद भी शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस सोशल मीडिया के माध्यम से तथा गुम इंसान का पता कर उसकी शिनाख्ती के प्रयास कर रही है।

रामानुजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तिवरागुड़ी के सरनापारा में सुबह कुछ ग्रामीण अपने काम से निकले थे। इसी दौरान उनकी नजर बिजली खंभे के समीप पड़े एक संदिग्ध बोरे पर पड़ी। पास जाकर देखने पर ग्रामीणों के होश उड़ गए। दो बोरी में एक व्यक्ति का शव बंधा हुआ था, जिसे किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा वहां लाकर फेंका गया था।

इसकी सूचना पूर्व सरपंच के माध्यम से रामानुजनगर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का घेरावा कर जांच प्रारंभ की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब टीम तथा डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया।

विशेषज्ञ टीम द्वारा घटनास्थल से विभिन्न साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं, ताकि हत्या के आरोपियों तक पहुंचा जा सके। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। मृतक के सिर के हिस्से में चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या करने के बाद शव को बोरे में भरकर सुनसान स्थान पर फेंका गया है।

हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार बोरे में शव मिलने की घटना से लोग भयभीत हैं।

गुमशुदगी की जानकारी जुटा रही पुलिस :- पुलिस मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है तथा आसपास के थाना क्षेत्रों से गुमशुदगी की जानकारी भी जुटाई जा रही है। रामानुजनगर पुलिस ने बताया कि मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। शव की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top